गांधीजी के सिद्धांतों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी ः मुख्यमंत्री

जयपुर
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि देश में भाईचारे, प्रेम, सौहार्द तथा सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत बनाए रखने के लिए जरूरी है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचार जन-जन तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि बापू के सिद्धांतों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार समर्पित भाव से काम कर रही है।

गहलोत रविवार को शहीद दिवस के अवसर पर वीसी के माध्यम से ’विश्व के गांधी’ विषय पर व्याख्यान तथा झुंझुनूं जिला कलक्ट्रेट परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में आतंकवाद, हिंसा, कट्टरता तथा परस्पर अविश्वास का जो माहौल बना हुआ है, उसमें गांधी जी के सिद्धान्त हमें सही राह दिखा सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के संघर्ष, गांधीजी, प. नेहरू, मौलाना आजाद, सरदार पटेल, गोपाल कृष्ण गोखले, डॉ. अम्बेडकर जैसे महान नेताओं एवं उनके जीवन आदर्शों के बारे में हमारी युवाशक्ति को जरूर पढ़ना चाहिए। तभी वे इतिहास को जानेंगे और उन्हें कोई भ्रमित नहीं कर सकेगा। उन्होंने कहा कि गांधीजी की विचारधारा ही हिंसा, नफरत और आतंक से उपजी समस्याओं का कारगर हल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मार्टिन लूथर किंग जूनियर, अल्बर्ट आइंस्टीन तथा नेल्सन मंडेला जैसे विश्व के प्रमुख महापुरूषों को गांधीजी ने अपने विचारों एवं कृतित्व से प्रभावित किया। गांधीजी के अहिंसा के सिद्धान्त को संयुक्त राष्ट्र संघ ने भी मान्यता दी। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और श्रीमती सोनिया गांधी के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र ने प्रस्ताव पारित किया और बापू के जन्म दिवस को ‘अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।

गहलोत ने कहा कि महात्मा गांधी की शिक्षाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए जयपुर में महात्मा गांधी संस्थान और गांधी दर्शन म्यूजियम बनाया जा रहा है। महात्मा गांधी की शिक्षा को युवा आत्मसात कर गवर्नेंस तथा सामाजिक कार्यों में भूमिका निभा सकें। इस उद्देश्य से महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ गवर्नेंस एण्ड सोशियल साइंसेज की स्थापना की गई है। राजस्थान पहला प्रदेश है जहां शांति एवं अहिंसा निदेशालय की स्थापना की गई है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राजस्थान संस्कृत अकादमी की ओर से तैयार किए गए गांधीजी के प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए‘ के संस्कृत-हिन्दी संस्करण का लोकार्पण किया तथा अकादमी की त्रैमासिक पत्रिका ‘स्वरमंगला’ का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध गांधीवादी चिंतक स्व. डॉ. एसएन सुब्बाराव के गांधीजी पर आधारित अन्तिम आधिकारिक व्याख्यान (रिकॉर्डेड) का भी प्रसारण किया गया।

कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. बीडी कल्ला ने कहा कि गांधीजी के विचार सिर्फ भारत तक ही सीमित नहीं रहे। बापू के अहिंसा एवं सत्याग्रह ने दुनिया के कई देशों में हुए प्रजातांत्रिक आन्दोलनों को नई ऊर्जा एवं ताकत दी। गांधीजी विश्व बन्धुत्व की अवधारणा के भी प्रबल पोषक थे।
परिवहन राज्य मंत्री बृजेन्द्र ओला ने कहा कि गांधीजी ने अपने जीवन में अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। विश्व के कई देशों ने सत्याग्रह एवं अहिंसा के उनके मार्ग को अपनाकर स्वाधीनता हासिल की।

कला एवं संस्कृति राज्य मंत्री श्रीमती जाहिदा खान ने कहा कि आचरण की शुद्धता और चारित्रिक दृढ़ता गांधीजी के व्यक्तित्व की सबसे बड़ी विशेषता थी। कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी वे सत्य एवं अहिंसा के मार्ग से कभी विचलित नहीं हुए।

गांधी शांति प्रतिष्ठान नई दिल्ली के अध्यक्ष कुमार प्रशांत ने कहा कि गांधीजी सामाजिक समानता के अग्रदूत होने के साथ ही सच्चे प्रकृति पे्रमी तथा पर्यावरणविद भी थे। उनका मानना था कि प्रकृति की कीमत पर होने वाला विकास हमें नहीं चाहिए। संसाधनों के कम से कम उपयोग से होने वाले विकास को ही वे सच्चा एवं टिकाऊ विकास मानते थे। आज जबकि विश्व में संसाधनों पर नियन्त्रण करने की जंग छिड़ी है तो ऎसे वक्त में उनकी यह सीख हमें समानता पर आधारित विश्व की स्थापना के लिए बड़ी प्रेरणा दे सकती है।

प्रमुख शासन सचिव कला एवं संस्कृति श्रीमती गायत्री राठौड़ ने बताया कि बापू के जीवन आदर्शाें के प्रचार-प्रसार के लिए कला संस्कृति विभाग द्वारा लगातार विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। यह व्याख्यान भी इस दिशा में एक बड़ी पहल है।

झुंझुनूं नगर परिषद की सभापति श्रीमती नगमा बानो तथा गांधीवादी विचारक धर्मवीर कटेवा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि गांधी जीवन दर्शन समिति झुंझुनूं ने 5 फीट की इस कांस्य प्रतिमा का निर्माण कराया है। प्रतिमा के फाउण्डेशन का निर्माण झुंझुनू नगर परिषद् ने किया है। शांति एवं अहिंसा निदेशालय के निदेशक मनीष शर्मा ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राजस्थान संस्कृत अकादमी के प्रशासक एवं संभागीय आयुक्त दिनेश यादव, अकादमी के निदेशक संजय झाला भी उपस्थित थे। विभिन्न जिलों से जिला कलेक्टर, बड़ी संख्या में गांधीवादी विचारक, चिंतक तथा गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय समन्वयक भी वीसी से जुड़े।

 

Back to top button