भारत से आनी वाली फ्लाइटों पर हांगकांग ने लगाया प्रतिबंध, पाकिस्तान और फिलिपिंस को भी किया बैन

हांगकांग
पिछले एक महीने में भारत में कोरोना वायरस का नया लहर जमकर कोहराम मचा रहा है और 24 घंटे में 2 लाख से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं, लिहाजा भारत से उड़ने वाली फ्लाइटों पर अब दुनिया के कुछ देशों ने प्रतिबंध लगाना शुरू कर दिया है। हांगकांग ने भारत से उड़ने वाली फ्लाइटों पर 20 अप्रैल से 3 मई तक के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। उड्डयन मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए हांगकांग ने फ्लाइटों पर अस्थाई रोक लगाने का फैसला किया है।

हांगकांग प्रशासन ने भारत के अलावा पाकिस्तान और फिलीपिंस की उड़ानों पर पर भी अस्थाई रोक लगाने का ऐलान किया है। दरअसल, इसी महीने हांगकांग के लिए गई फ्लाइटों में 50 यात्री कोरोना पॉजिटिव पाये गये थे, जिसके बाद हांगकांग ने भारत, पाकिस्तान और फिलिपिंस की उड़ाने पर रोक लगाने का ऐलान किया है। हांगकांग में कोरोना वायरस संक्रमण रोकने के लिए बनाए नियम के मुताबिक हांगकांग जाने वाले यात्रियों के लिए 72 घंटे के अंदर सभी यात्रियों को आरटी-पीसीआर जांच कराकर कोरोना वायरस निगेटिव सर्टिफिकेट दिखाना अनिवार्य है।
 
भारत में सबसे ज्यादा कोरोवा वायरस के मामले महाराष्ट्र से ही निकल रहे हैं। लिहाजा हांगकांग प्रशासन ने मुंबई से हांगकांग के लिए भड़ने वाली उड़ानों पर रविवार से ही रोक लगा दिया था। विस्तारा एयरलाइंस से मुंबई से हांगकांग गये तीन यात्रियों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद हांगकांग प्रशासन ने मुंबई से जाने वाली फ्लाइटों पर अस्थाई प्रतिबंध लगा दिया था। फिलहाल, हांगकांग प्रशासन ने भारत स उड़ान भरने वाली फ्लाइटों पर 3 मई तक के लिए प्रतिबंध लगाया है और कहा गया है कि आगे की उड़ानों पर 3 मई के बाद फैसला लिया जाएगा। 
भारत में कोरोना वायरस की दूसरी लहर दोगुनी रफ्तार से बढ़ रही है। देश में रोजाना कोरोना वायरस के मामले दो लाख से पार आ रहे हैं और हर दिन उनमें रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। कोरोना पॉजिटिविटी रेट सिर्फ 12 दिनों में डबल हो गई है। भारत में पिछले 12 दिनों में कोरोना की डेली पॉजिटिविटी रेट 8 फीसदी से बढ़कर 16.7 प्रतिशत हो गई है। कोरोना पॉजिटिविटी रेट का सिर्फ 12 दिनों में डबल होने मेडिकल एक्सपर्ट्स के लिए चिंता की बात है। भारत में कोरोना वायरस की संक्रमण दर इस वक्त पीक पर है। रविवार (18 अप्रैल) को देश में पिछले 24 घंटे में 275,000 से अधिक नए कोरोना मामले सामने आए हैं। वहीं 1,622 लोगों की मौत हुई है। देश में कोरोना के इलाज की महत्वपूर्ण दवाओं और ऑक्सीजन की कमी की खबरें हर राज्य से आ रही है।

Back to top button