कांग्रेस-भाजपा की रामधुन, शक्ति प्रदर्शन, चढ़ा सियासी पारा

भोपाल
भोपाल भगवान राम के नाम पर राजनीतिक अखाड़ा बन गया। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा भाजपा विधायक के घर जाकर रामधुन करने वाले बयान के बाद सियासत तेज हुई और भाजपा विधायक ने  भी रामधुन का आयोजन कर डाला। दोनों ओर बड़ी संख्या में समर्थकों को जोड़ा गया और रामधुन राजनीतिक आयोजन में तब्दील हो गया।

कांग्रेसियों के घुटने तोड़ने वाले हुजूर विधायक के बयान पर आज रामधुन को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने जमकर राजनीति की। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के जहां मिंटो हाल स्थिति गांधी प्रतिमा से पदल चल कर भाजपा विधायक के घर के बाहर बैठ कर आज रामधुन करने के ऐलान पर भाजपा विधायक ने अपने बंगले पर रामधुन का ही भव्य आयोजन कर दिया।

दोनों ही नेताओं के आयोजनों में दोनों की तरफ से सैकड़ों समर्थक जमा थे। इसे देखते हुए पुलिस ने विधायक के बंगले के चारों तरफ के रास्ते ही बंद कर दिए। जिससे आम लोग सुबह से ही परेशान होते रहे। भाजपा विधायक के बयान के बाद दिग्विजय सिंह ने ट्Þवीट कर ऐलान किया था कि 24 नंवबर को वे गांधी प्रतिमा से भाजपा विधायक के घर पहुंच कर रामधुन करेंगे। इस पर विधायक ने भी ऐलान कर दिया कि रामधुन करने वालों का वे स्वागत करेंगे। उन्होंने अपने बंगले पर राम भजन का आयोजन आज कर दिया। साथ ही प्रसादी वितरण का कार्यक्रम भी रखा। विधायक के मालवीय नगर स्थित बंगले पर आज सुबह से भी भजन मंडली और उनके सैकड़ों समर्थक जमा हो गए। जहां पर सुबह से ही भजन-कीर्तन का दौर चल रहा है।

इधर दिग्विजय सिंह करीब 12 बजे मिंटो हाल पहुंचे। उनके यहां पर पहुंचने से पहले यहां पर विधायक पीसी शर्मा, आरिफ मसूद, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलश मिश्रा, पूर्व विधायक राजकुमार पटेल, विभा पटेल सहित दिग्विजय सिंह के सैकड़ों समर्थक पहुंच गए। मिंटो हाल प्रांगण में रामधुन बज रही थी। दिग्विजय सिंह ने आते ही सभी लोगों से अलग-अलग बात की। इससे पहले दिग्विजय सिंह आज सुबह ट्वीट पर लिखा कि ‘हे भाजपाईयो हे संघियो हमारे साथ बैठ कर रामधुन गाओ। रघुपति राघव राजा राम पतित पावन सीमाराम ईश्वर अल्लाह तेरो नाम सबको सन्मति दे भगवान और भारतीय संविधान का पालन कर सभी धर्मो का सम्मान करो। गांधी की आवाज सुनो ।’

 

Back to top button