बीजेपी विधायक सुशील सिंह का मुख्तार अंसारी पर तंज, गाड़ी पलट जाएगी.. सात पुश्तें खत्म हो जाएंगी

गाजीपुर
सैयद राजा के भाजपा विधायक सुशील सिंह ने माफियाओं का नाश करने के लिए एक बार फिर से उत्तर प्रदेश में बीजेपी सरकार बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, गाजीपुर सहित पूरे प्रदेश में विकास के पंख लग गए हैं। सड़कों का जाल बिछ गया है। वह भांवरकोल ब्लॉक मुख्यालय पर आयोजित कुल 47 नए परियोजनाओं का शिलान्यास एवं मोबाइल वितरण कार्यक्रम पर लोगों को संबोधित कर रहे थे। सुशील सिंह ने कहा कि अब किसी भी व्यापारी को गुंडा परेशान नहीं कर पाता है। अगर कोई परेशान करता है तो उसकी जगह जेल है या ऊपर है। नीचे कहीं भी उसके लिए जगह नहीं है। मुख्तार अंसारी का नाम लिए बगैर सुशील सिंह ने कहा, 'जो एक शहजादे अंदर हैं आपको दिखाई दे रहा होगा योगी सरकार में उनकी गुंडागर्दी कितना चल रही है? उन्होंने सांकेतिक रूप कहा कि अगर वह (मुख्तार अंसारी) कुछ करने की कोशिश करेंगे, तो गाड़ी भी कब पलट जाएगी पता नहीं चलेगा। उनकी सात पुश्तों का खत्मा हो जाएगा। अगर नहीं सुधरे तो गाड़ी पलट सकती है।

भांवरकोल ब्लॉक के नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुख श्रद्धा राय ने कहा कि आने वाले दिनों में इस ब्लॉक के विकास की ऐसी गंगा बहेगी कि भांवरकोल ब्लॉक जनपद ही नहीं पूरे प्रदेश में आदर्श ब्लॉक के रूप में अपना कीर्तिमान स्थापित करेगा। कार्यक्रम के संयोजक एवं मुख्य अतिथि भाजपा नेता विधायक सुशील सिंह सहित अन्य मंचासीन अतिथियों का माल्यार्पण कर उन्हें बुके प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में क्षेत्रीय विधायक अलका राय ने उपस्थित जनता का अभिवादन करते हुए प्रदेश में एक बार फिर भाजपा सरकार बनाने की अपील की। साथ ही 210 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों में सरकार की तरफ से एंरॉयड फोन वितरित किया।

 

Back to top button