विभूतियों को सम्मान की घोषणा से देश गौरवान्वित है : मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने समाज सेवा, कला, विज्ञान, सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान से देश की सेवा करने वाले विभूतियों को पद्म भूषण और पद्म सम्मान प्रदान करने की घोषणा का स्वागत करते हुए सम्मानित विभूतियों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट किया है कि जिन्होंने राष्ट्र की सेवा में सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर दिया, उनके चरणों में मैं नमन करता हूँ।

मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश की सम्मानित विभूतियों सहित पूर्व सी.डी.एस. जनरल स्व. बिपिन रावत, उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह, गीता प्रेस के पूर्व अध्यक्ष स्व. राधेश्याम खेमका को सादर नमन किया। साथ ही शास्त्रीय संगीतज्ञ डॉ. प्रभा अत्रे को हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा है कि विभूतियों को सम्मान की घोषणा से देश गौरवान्वित है। उल्लेखनीय है कि गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कारों की घोषणा की गई है।

उल्लेखनीय है कि भोपाल के स्व. डॉ. एन.पी. मिश्रा (मरणोपरांत) को चिकित्सा के क्षेत्र में तथा अर्जुन सिंह धुर्वे को कला, अवध किशोर जड़िया को साहित्य एवं शिक्षा तथा रामसहाय पांडे और सुदुर्गाबाई व्याम को कला के क्षेत्र में पद्मसे सम्मानित किया गया है।

मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट किया है कि "अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त फिजिशयन, भोपाल गैस त्रासदी के बाद हजारों पीड़ितों के लिए असाधारण चिकित्सा व्यवस्था करने वाले स्व.डॉ. एनपी मिश्रा को चिकित्सा क्षेत्र के लिए पद्मसम्मान पर सादर नमन करता हूँ। आपका संपूर्ण जीवन, सेवा का अप्रतिम अध्याय है, जो हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।"

मुख्यमंत्री चौहान ने गोंड लोककथा की चित्रकारी की पर्याय, मंडला की बेटी सुदुर्गाबाई व्याम जी को कला के क्षेत्र में पद्मसम्मान के लिए शुभकामनाएँ देते हुए ट्वीट किया है कि “आपने जीवन के संघर्षों, चुनौतियों और विषमताओं के बीच चित्रकारी कला को न केवल प्रवाहमान रखा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। आपको हार्दिक बधाई।“

इसी क्रम में मुख्यमंत्री चौहान ने मध्यप्रदेश की जनजातीय संस्कृति को विशेष पहचान दिलाने के लिए समर्पित डिंडौरी के अर्जुन सिंह धुर्वे को भी कला क्षेत्र में पद्म सम्मान के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने अपने ट्वीट में लिखा है कि “आपने बैगा नृत्य एवं संस्कृति को प्रवाहमान रखते हुए लोककला को शिखर पर पहुँचाया। आपको बधाई।“

मुख्यमंत्री चौहान ने बुंदेलखंड के गीत-संगीत संस्कृति की पहचान राई नृत्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा दिलाने वाले सागर जिले के प्रतिभावान कलाकार रामसहाय पांडेय जी को कला क्षेत्र से पद्मसम्मान के लिए बधाई देते हुए ट्वीट किया है कि “आप प्रदेश का गौरव हैं। आज हम सभी गौरवान्वित हैं, हमारी शुभकामनाएँ” मुख्यमंत्री चौहान ने शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में पद्मसे सम्मानित अवध किशोर जड़िया को भी बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।

Back to top button