3 फरवरी को साइंस कालेज मैदान में लगेगी सरकार की योजनाओं की प्रदर्शनी

रायपुर
साइंस कालेज मैदान में तीन फरवरी को राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना और राजीव युवा मितान क्लब योजना की शुरूआत होने जा रही है। इस दौरान राज्य सरकार की योजनाओं से संदर्भित प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

प्रदर्शनी में गोधन न्याय योजना से जुड़ी विभिन्न आयमूलक गतिविधियों, आजीविका मिशन की गतिविधियों, बस्तर संभाग की विशिष्ट पहचान और उपलब्धियों का जीवंत प्रदर्शन किया जाएगा। महात्मा गांधी की विचारधारा, युवाओं के योगदान, ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर, शहीदों को नमन जैसे विषयों पर संगोष्ठी-परिचर्चा का आयोजन भी किया जाएगा। प्रदर्शनी स्थल पर थीम आधारित डोम लगाए जाएंगे, जिनमें निर्धारित विषय वस्तु का जीवंत प्रदर्शन किया जाएगा। सरकार की तीन वर्ष की उपलब्धियों पर जनसंपर्क विभाग द्वारा तैयार काफी टेबल बुक का विमोचन किया जाएगा। प्रदर्शनी के लिए गोठान व उससे संबंधित गतिविधियों के चयन के लिए कृषि उत्पादन आयुक्त डा. कमलप्रीत सिंह और गोधन न्याय योजना के प्रदेश नोडल अधिकारी डा. एस. भारतीदासन को बनाया गया है। आजीविका मिशन के कार्यों के चयन के लिए प्रमुख सचिव डा. आलोक शुक्ला, बस्तर थीम के लिए कमिश्नर बस्तर श्याम धावड़े, महात्मा गांधी की विचारधारा, युवाओं का योगदान, ग्रामीण कृषि मजदूर, शहीदों को नमन जैसे विषयों पर संगोष्ठी-परिचर्चा के लिए छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के आयुक्त अयाज तंबोली को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

Back to top button