देश में 24 घंटे में सामने आए 30 हजार से अधिक नए केस,67 हजार से अधिक घर लौटे

नई दिल्ली
 कोरोना वायरस का बीते दो दिनों का ट्रेंड लगभग एक जैसा रहा है। तीसरी लहर अपने अंतिम कगार पर दिख रही है। बीते 24 घंटे में 30.5 हजार से अधिक मामले सामने आए हैं। वहीं, 67 हजार से अधिक लोगों ने इस महामारी को मात दी है। देश में रिकवरी रेट फिलहाल 98.03 प्रतिशत है। वहीं, एक्टिव केस में भारी गिरावट देखी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, देश में आज 3.3 लाख एक्टिव केस शेष रह गए हैं।

केंद्र सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 30,757 नए मामले सामने आए हैं। देश में फिलहाल 3,32,918 एक्टिव केस हैं। रिकवरी में भी सुधार है। कल 67,538 मरीजों ने कोरोना के संक्रमण को मात दे दी है। इसके साथ ही रिकवरी का आंकड़ा 4,19,10,984 को पार कर गया है। आपको बता दें कि 24 घंटे में 11,79,705 सैंपल की कोरोना जांच की गई है।

दिल्ली में कोरोना वायरस के 766 नए मामले, पांच की मौत

दिल्ली में बुधवार को कोरोना वायरस के 766 नए मरीजों की पुष्टि हुई और पांच संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण दर आंशिक रूप से घटकर 1.37 फीसदी रह गई है। स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक, दिल्ली में कोविड के कुल मामले बढ़कर 18,53,428 हो गए हैं जबकि 26,086 लोगों की जान जा चुकी है। मंगलवार को 756 मामले सामने आये थे, पांच लोगों की जान गई थी और संक्रमण दर 1.52 प्रतिशत थी।

सोमवार को 586 मामले मिले थे, चार लोगों की जान गई थी और संक्रमण दर 1.37 प्रतिशत थी। दिल्ली में संक्रमण के दैनिक मामलों में गिरावट आई है। यहां 13 जनवरी को सबसे ज्यादा 28,867 मामले आए थे। शहर में 14 जनवरी को 30.6 फीसदी संक्रमण दर रिकॉर्ड की गई थी जो महामारी की मौजूदा लहर में सबसे ज्यादा है।

Back to top button