युक्रेन पर हमला करके ही दम लेगा रूस, जो बाइडेन का दावा- पुतिन ने कर लिया है फैसला

वाशिंगटन

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन ने शुक्रवार को कहा कि वह इस बात से आश्वस्त हैं कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन पर आक्रमण करने का फैसला कर लिया है। हमले का केंद्र राजधानी कीव होगा। अमेरिका को पहले इस बात का यकीन नहीं था  कि पुतिन ने आक्रमण करने का अंतिम निर्णय ले लिया है। बाइडेन ने इस दावे के लिए अमेरिकी खुफिया एजेंसी की जानकारी का हवाला दिया। इस बीच क्रेमलिन ने अपनी सैन्य ताकत को बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर परमाणु अभ्यास की घोषणा की है। वहीं, पुतिन ने रूस के राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने का वचन दिया है। बाइडेन ने रूस के खिलाफ बड़े पैमाने पर आर्थिक और राजनयिक प्रतिबंधों की भी धमकी दी है। उन्होंने कहा है कि अगर रूस आक्रमण करता है तो पुतिन को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। उनके खिलाफ वह पूरी दुनिया को एकजुट करेंगे।

हम अपने सैनिकों को यूक्रेन नहीं भेजेंगेः बाइडेन
राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है कि यदि रूस यूक्रेन पर "आक्रमण" करता है, तो अमेरिका यूक्रेन में लड़ने के लिए अपने सैनिकों को नहीं भेजेगा, लेकिन यूक्रेन के लोगों का समर्थन करता रहेगा। बाइडेन ने यह बातें शुक्रवार को कही। उन्होंने कहा, "हम यूक्रेन में लड़ने के लिए अपने सैनिकों को नहीं भेजेंगे, लेकिन हम यूक्रेन के लोगों का समर्थन करते रहेंगे।" उन्होंने कहा, "अमेरिका और हमारे सहयोगी यूक्रेन के लोगों का समर्थन करेंगे। हम रूस को उसके कार्यों के लिए जवाबदेह ठहराएंगे।"

''मुझे नहीं लगता कि पुलिस परमाणु हतियारों के इस्तेमाल पर विचार कर रहे हैं''
बाइडेन ने कहा है कि रूस राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन परमाणु हथियारों के इस्तेमाल पर विचार नहीं कर रहे हैं। बाइडेन ने यह बातें यूक्रेन और रूस के बीच जारी तनाव पर टप्पिणी करने के दौरान कही। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि (पुतिन) दूर से परमाणु हथियारों का उपयोग करने पर विचार कर रहे हैं, लेकिन मुझे लगता है कि वह दुनिया को यह समझाने की कोशिश कर रहे हैं कि उसके पास यूरोप में गतिशीलता को बदलने की क्षमता है, जो वह नहीं कर सकते।" बाइडन ने यह बात शुक्रवार को उनसे रूस के परमाणु अभ्यास को लेकर उनके प्रशासन के नजरिए को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कही।

यूक्रेन की सीमाओं के आसपास अनुमानित 150,000 रूसी सैनिकों की तैनाती के साथ यू.एस. और यूरोपीय अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि पूर्वी यूक्रेन में लंबे समय से चल रहा अलगाववादी संघर्ष एक व्यापक हमले की चिंगारी प्रदान कर सकता है। एक और संकेत के रूप में एक अमेरिकी रक्षा अधिकारी ने कहा कि यूक्रेन की सीमा के आसपास तैनात 40% से 50% जवान सीमा के पास हमले की स्थिति में चले गए हैं। अन्य अधिकारियों ने कहा है कि यह बदलाव लगभग एक सप्ताह से चल रहा है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इसका मतलब यह नहीं है कि पुतिन ने आक्रमण शुरू करने का फैसला किया है। रक्षा अधिकारी ने आंतरिक अमेरिकी सैन्य आकलन पर चर्चा करने के लिए नाम नहीं छापने की शर्त पर यह बात कही है।

Back to top button