यूक्रेन के राजदूत ने मुगलों से की रूस की तुलना, बोले- मासूमों की हत्या कर रहे पुतिन

नई दिल्ली
यूक्रेन के खारकीव में रूसी सेना की बमबारी में भारतीय छात्र की जान चली गई। यूक्रेन ने दुख जताते हुए दुनियाभर के नेताओं से अपील की है कि वे व्लादिमीर पुतिन को रोकने का प्रयास करें। भारत में यूक्रेन के राजदूत इगोर पोलिखा ने यूक्रेन को मानवीय सहायता देने के लिए भारत को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यूक्रेन पर रूस का हमला उसी तरह है जैसे कि भारत में मुगलों ने राजपूतों पर हमला किया था।

पोलिखा ने पत्रकारों से कहा, 'हम सभी बड़े नेताओं से बात कर रहे हैं और उनमें से एक मोदी जी भी हैं। यूक्रेन पर अटैक रोकने के लिए उन्हें रूस के खिलाफ अपने संसाधनों का प्रयोग करना चाहिए। रूस को अब हमला रोक देना चाहिए। बमबारी से आम नागरिकों को नुकसान हो रहा है औऱ उनकी जान जा रही है।' विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय छात्र की मौत का उन्हें बेहद दुख है। उन्होंने कहा कि रूस की सेना अब आम नागरिकों पर हमला कर रही है। इसके बाद भारत ने रूस और यूक्रेन दोनों से ही कहा है कि वे सुनिश्चित करें कि भारतीय सुरक्षित बाहर निकल सकें।

बता दें कि रूस की बमबारी में मारे गए नवीन कर्नाटक के हवेरी के रहने वाले थे। यूक्रेन में वह एक मेडिकल कॉलेज में पढ़ रहे थे। पोलिखा ने कहा, भारती की तरफ से मिली मानवीय सहायता के लिए हम हमेशा आभारी रहेंगे। सोमवार को पोलिखा ने कहा था कि भारत के लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

Back to top button