युद्धग्रस्त यूक्रेन से भारत वापस लौटे छात्र ऋषभ, कुत्ते को भी लाया साथ, भारत सरकार से मांगी थी NOC

 नई दिल्ली।

यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध जारी है। युद्धग्रस्त देश से भारतीय छात्रों को वापस लाने के प्रयास लगातार जारी हैं। ऋषभ कौशिक और उनका कुत्ता मालिबू यूक्रेन से बुडापेस्ट (हंगरी) होते हुए घर लौट आया है। कौशिक उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के रहने वाले हैं। वह खार्किव के एक कॉलेज से इंजीनियरिंग कर रहे हैं। उन्होंने अपने कुत्ते को अपने साथ भारत लाने में आने वाली कठिनाइयों को इंस्टाग्राम पर साझा किया है। उन्होंने सरकार से एनओसी की अनुमति देने का आग्रह किया था।

ऋषभ कौशिक ने कहा, ''भारत में बहुत सारे दस्तावेजी कार्रवाई थी। प्रक्रिया लंबी थी। युद्ध जैसी स्थितियों में उन्हें अपने नागरिकों को अनुमति देनी चाहिए थी। इसलिए मैंने अपील की थी। हाल ही में एक ज्ञापन आया था जिसमें कहा गया था कि पालतू जानवरों और यहां तक कि आवारा जानवरों को भी अब बिना एनओसी के अनुमति दी जा रही है।''

185 भारतीय नागरिकों को बुखारेस्ट से लेकर विशेष विमान मुंबई पहुंचा
युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे 185 यात्रियों को रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से लेकर एक विशेष विमान बृहस्पतिवार देर रात मुंबई पहुंचा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। केन्द्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे ने 'एअर इंडिया एक्सप्रेस' के विमान से आए लोगों का हवाई अड्डे पर स्वागत किया। विमान बृहस्पतिवार देर रात दो बजे हवाई अड्डे पर पहुंचा था।
 

अधिकारी ने बताया कि मुंबई पहुंचा यह चौथा निकासी विमान था। बुडापेस्ट से एक और विमान के शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे यहां पहुंचने की उम्मीद है। दानवे ने यात्रियों से बात करते हुए कहा कि यूक्रेन में फंसे सभी भारतीयों को वापस लाने तक निकासी अभियान जारी रहेगा। भारत, रूस के यूक्रेन पर हमला करने के बाद से युद्धग्रस्त देश में फंसे अपने नागरिकों को रोमानिया, हंगरी और पोलैंड के रास्ते स्वदेश ला रहा है।

Back to top button