मैनिट में घुसा बाघ, मिले पग मार्क, गाय का किया शिकार

भोपाल
राजधानी Bhopal में मैनिट के हॉस्टल के पास स्टूडेंट को सोमवार-मंगलवार की रात बाघ (tiger) दिखाई दिया। मैनिट (MANIT) प्रबंधन ने वन विभाग को सूचना दी। विभाग की टीम रात से ही बाघ की सर्चिंग कर रही है। मैनिट के हॉस्टल नंबर- 7 और 8 के पास बाघ के पग मार्क मिले है। बाघ ने एक गाय का भी शिकार किया है। मैनिट प्रबंधन ने नोटिस जारी कर ऐतिहातन क्लासेस रद्द कर दी है। स्टूडेंट को हॉस्टल में रहने के लिए कहा गया है।

सोमवार रात को मैनिट में स्टूडेंट्स को बाघ दिखाई दिया। जिसके बाद वह बाइक छोड़कर भाग गए। इसकी उन्होंने वॉर्डन को सूचना दी। इसके बाद प्रबंधन ने रात में वन विभाग को बाघ के मैनिट परिसर में दिखाई देने की जानकारी दी।

भोपाल वन मंडल के डीएफओ आलोक पाठक ने बताया कि मैनिट के हॉस्टल नंबर 7 और 8 के पास बाघ के पग मार्क मिले है। उसने एक गाय का शिकार भी किया है। टीमें सर्चिंग के लिए लगाई गई है। अब हमारा प्रयास उसे आगे बढ़ने से रोकना है। आज वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर आगे का निर्णय लिया जाएगा।

इससे पहले जल एवं भूमि प्रबंधन संस्थान (वाल्मी) में भी बाघ कुछ दिन से दिखाई दे रहा था। मैनिट में इसी बाघ के घुसने की बात बताई जा रही है। इसके पहले भोज यूनिवर्सिटी के कुलपति के बंगले में भी यह बाघ दिखाई दे चुका है। इसे टी-123 बाघिन के दो बच्चों में से एक बताया जा रहा है। यह केरवा और कलियासोत एरिया में रहते है।

जानकारों का कहना है कि यह बाघ अपनी टेरेटरी बना रहा है। वाल्मी के आसपास यह बाघ पिछले पांच-छह महीने से मूवमेंट कर रहा है। बाघ अपनी टेरेटरी बनाने के लिए यूरिन से पेड़ों पर एक विशेष स्प्रे करते है। फिर इसके अंदर किसी दूसरे बाघ को आने नहीं देते है।

Back to top button