मध्यप्रदेश की खेल अकादमियों का स्तर सबसे अव्वल

केन्द्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भोपाल स्थित विभिन्न अकादमियों का किया अवलोकन

भोपाल

केन्द्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर सोमवार को खेलो इण्डिया यूथ गेम्स के लोगो (प्रतीक-चिन्ह) का अनावरण करने भोपाल आये। केन्द्रीय मंत्री ठाकुर ने भोपाल स्थित विभिन्न खेल अकादमियों का अवलोकन और खेलो इण्डिया गेम्स की तैयारियों का जायजा लिया।

केन्द्रीय खेल मंत्री ठाकुर दोपहर को बड़े तालाब स्थित म.प्र. वाटर स्पोर्ट्स अकादमी पहुँचे और खिलाड़ियों से मुलाकात की। प्रदेश की खेल मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने प्रशिक्षकों से परिचय कराया और वाटर स्पोर्ट्स की विभिन्न अत्याधुनिक सुविधाओं की जानकारी दी। इसके बाद मंत्री अनुराग ठाकुर टी.टी. नगर स्टेडियम पहुँचे। जहाँ उन्होंने एथलेटिक्स ट्रेक देखा और 100 मीटर शूटिंग एरेना पर निशाना लगाया।

केन्द्रीय मंत्री ने खिलाड़ियों के साथ किया भोजन

भोपाल प्रवास के दौरान केन्द्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने टी.टी. नगर स्टेडियम स्थित डाइनिंग एरिया में सहज रूप से खिलाड़ियों के साथ बैठ कर भोजन का आनंद लिया। ठाकुर ने खिलाड़ियों से भोजन की गुणवत्ता और उनके खेल से संबंधित जानकारी ली। केन्द्रीय मंत्री के साथ खेल मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया, प्रमुख सचिव खेल श्रीमती दीप्ति गौढ मुखर्जी और संचालक खेल एवं युवा कल्याण रवि कुमार गुप्ता ने भी भोजन का आनंद लिया।

केन्द्रीय खेल मंत्री ने अपने प्रवास के दौरान टी.टी. नगर में चल रहे 6वें एलिट महिला बॉक्सिंग चेम्पियनशिप के विजेताओं को पुरस्कृत किया। इसके बाद ठाकुर ने स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इण्डिया, म.प्र. घुड़सवारी अकादमी और शूटिंग अकादमी का भी दौरा किया। उन्होंने कहा कि म.प्र. शूटिंग अकादमी केवल राज्य का नहीं, बल्कि देश का सबसे खूबसूरत और अत्याधुनिक शूटिंग रेंज कैम्पस है। उन्होंने घुड़सवारी अकादमी का भी जायजा लिया। ठाकुर ने कहा कि 30 एकड़ में फैली म.प्र. घुड़सवारी अकादमी किसी भी अन्य राज्य द्वारा बनाये गये सेंटर से बेहतरीन है।

 

Back to top button