अडानी को फायदा, अंबानी को नुकसान, अमेरिकी अरबपतियों ने अरबों डॉलर गंवाए

नई दिल्ली
अमेरिकी शेयर बाजारों में गुरुवार को चली गिरावट की आंधी में एलन मस्क की करीब 6 अरब डॉलर की संपत्ति उड़ गई। वहीं, जेफ बेजोस को 1.66 अरब डॉलर का झटका लगा। बिलगेट्स को 169 मिलियन डॉलर की चोट पहुंची तो दिग्गज इन्वेस्टर वॉरेन बफेट को 2.41 अरब डॉलर का नुकसान झेलना पड़ा। लैरी एलिशन ने 1.73 अरब डॉलर गंवाए तो लैरी पेज ने 1.53 अरब डॉलर। सर्गी ब्रिन की संपत्ति में भी 1.45 अरब डॉलर की सेंध लग गई। वहीं, भारतीय शेयर बाजारों में गिरावट की वजह से अंबानी को भी अरबों डॉलर का झटका लगा है। जबकि, अडानी के शेयरों में उछाल की वजह से उनकी संपत्ति में बढ़ोतरी हुई है। दरअसल गुरुवार को वॉल स्ट्रीट का प्रमुख संवेदी सूचकांक डाऊ जोन्स 543 अंक लुढ़क कर 32254 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, एसएंडपी 500 में 1.85 फीसद की गिरावट दर्ज की गई। नैस्डैक 2.05 फीसद या 237 अंकों का गोता लगाने के बाद 11338 के स्तर पर बंद हुआ।

अमेरिकी शेयर बाजारों में गिरावट की आंधी से उखड़ सकता है घरेलू मार्केट

इससे अमेरिका की दिग्गज कंपनियों के शेयर औंधेमुंह गिर पड़े। जेफ बेजोस वाली अमेजन इंक 1.78 फीसद टूटकर 92.25 डॉलर पर आ गया। इसके साथ ही जेफ बेजोस का नेटवर्थ घटकर 116 अरब डॉलर पर आ गया। एप्पल इंक में 1.49 फीसद की गिरावट रही। यह 150.59 डॉलर पर बंद हुआ। एलन मस्क की कंपनी टेस्ला इंक 4.99 फीसद का गोता लगाकर 172.92 डॉलर पर बंद हुआ। इससे उनकी संपत्ति अब 165 अरब डॉलर रह गई है। गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट इंक 2.10 फीसद टूटकर 92.66 अरब डॉलर पर रहा गया। नेट फ्लिक्स में 4.49 फीसद की गिरावट रही तो वॉल्ड डिज्नी में 3.18 फीसद की।

अंबानी पर भारी पड़ी रिलायंस के शेयरों में गिरावट

गुरुवार को भारती शेयर बाजारों में भी गिरावट रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 2.37 फीसद लुढ़क कर 2360 रुपये पर बंद हुए तो इसका असर चेयरमैन मुकेश अंबानी की संपत्ति पर भी देखने को मिला। मुकेश अंबानी को गुरुवार को 1.95 अरब डॉलर की चोट पहुंची। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स में अब वह 81.7 अरब डॉलर के साथ 11वें स्थान पर हैं।

अडानी को फायदा

ब्लूमबर्ग बिलेनियर लिस्ट के टॉप-10 अरबपतियों के लिए जहां गुरुवार अच्छा नही रहा वहीं, 21वें स्थान पर पहुंचे गौतम अडानी के लिए बेहतर रहा। कुछ बुरी खबरों के कारण अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर टूटे, लेकिन अन्य स्टॉक्स में रिकवरी जारी रहने की वजह से अडानी की संपत्ति में गुरुवार को 1.32 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई। अब उनके पास 55.4 अरब डॉलर की संपत्ति है। फरवरी में उनकी संपत्ति 37.7 अरब डॉलर रह गई थी।

 

Back to top button