रामविलास पासवान के निधन से खाली हुई राज्यसभा की एक सीट के लिए बीजेपी में कई नाम 

पटना 
राज्यसभा की एक सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में भाजपा की विजय तय मानी जा रही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन के कारण खाली हुई इस सीट पर भाजपा के ही कोई वरीय नेता राज्यसभा जाएंगे। 

पार्टी सूत्रों के अनुसार उपचुनाव की एक सीट के लिए दल में कई नामों की चर्चा है। लेकिन सबसे अधिक चर्चा पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी की हो रही है। जानकारी के अनुसार राज्यसभा सांसद बनाकर इन्हें केंद्र में मंत्री बनाए जाने की चर्चा जोरों पर है। इसलिए इन्हें बिहार मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया है। केंद्र में इन्हें कोई अहम मंत्रालय की जिम्मेवारी देने की चर्चा है। 

एक अन्य नाम पूर्व सांसद शाहनवाज हुसैन का भी जोरों पर है। सूत्रों के अनुसार लंबे समय से किसी सदन का सदस्य नहीं रहे शाहनवाज को उपचुनाव के माध्यम से राज्यसभा भेजा जा सकता है। हालांकि, पार्टी में चल रही नामों की पुष्टि अभी बिहार भाजपा के कोई भी नेता नहीं कर रहे हैं। यह सब कुछ आलाकमान पर निर्भर करता है। खासकर बिहार मंत्रिमंडल में शामिल हुए चेहरों को देखें तो साफ है कि चर्चा में आने वाले कई नाम अंतिम समय में रेस से बाहर हो चुके हैं। जिनके नामों की चर्चा सबसे अधिक चल रही थी उन्हें कोई भी पद नहीं दिया गया। 

नए चेहरों पर दांव खेल रही भाजपा अभी राज्यसभा की एक सीट पर किसे भेजेगी, जब तक आलाकमान की ओर से किसी के नाम पर मुहर नहीं लग जाती है, देश के ऊपरी सदन में जाने का सौभाग्य किसे मिलेगा, कुछ कहा नहीं जा सकता है।

Back to top button