महाराष्ट्र के जालना जिले के खानपुरी गांव में आठ दिनों में 66 लोग हुए कोरोना संक्रमित 

 जालना                                                                                     
महाराष्ट्र के जालना जिले के खानपुरी गांव में पिछले एक सप्ताह में 66 लोगों के कोविड-19 से संक्रमित पाए जाने के कारण दहशत फैल गई है जालना तहसील के खानपुरी गांव की आबादी 1700 है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी रहमानी शकील ने बताया कि 26 नवंबर और तीन दिसंबर के बीच गांव में 66 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए। उन्होंने बताया कि एक दिसंबर को 35 ग्रामीणों में संक्रमण की पुष्टि हुई। एक अन्य स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि 25 नवंबर को गांव के करीब 200 लोग एक अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे जहां पर लोगों ने कथित तौर पर कोविड-19 संबंधी हिदायतों का पालन नहीं किया, इसके बाद गांव में संक्रमण के मामले बढ़ने लगे। 

शकील ने बताया कि हमने जालना में कोविड-19 निर्दिष्ट अस्पताल में सभी 66 मरीजों को भर्ती कराया है। जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के 12,100 से ज्यादा मामले हैं और 323 मरीजों की मौत हो चुकी है। 

महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोविड-19 के 5,229 नए मामले सामने आए जिसके बाद प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 18,42,587 हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि संक्रमण से 127 और लोगों की मौत के बाद राज्य में मृतकों की संख्या बढ़कर 47,599 हो गई।

विभाग ने एक बयान में कहा कि इस दौरान 6,776 मरीज संक्रमण से मुक्त हुए और उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दी गई। बयान में कहा गया है कि अब तक 17,10,050 मरीज संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं और राज्य में फिलहाल उपचाराधीन मरीजों की संख्या 83,859 है। अब तक राज्य में कोविड-19 की 1,11,32,231 जांच की जा चुकी है।

मुंबई शहर में कोविड-19 के 813 नए मरीज सामने आए, जिसके बाद यहां संक्रमितों की कुल संख्या शुक्रवार को बढ़ कर 2,84,509 हो गयी है। शहर में 14 और मरीजों की कोविड-19 के कारण जान जाने से इस महामारी के मृतकों की कुल संख्या बढ़ कर 10,945 हो गई।

Back to top button