जबलपुर में बनेगा देश का पहला जियो पार्क

जबलपुर । देश का पहला जियो पार्क प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में बनेगा। इस पार्क का अनुमोदन केंद्रीय खनिज मंत्रालय ने कर दिया है और इसकी डीपीआर बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। जबलपुर में यह पार्क यहां मौजूद प्रागैतिहासिक काल की चट्टानों के चलते बनाने की स्थिति बनी है जिसके लिए जबलपुर सांसद राकेश सिंह ने जीएसआई के डायरेक्टर जनरल को जबलपुर बुलाकर इसका अध्ययन कराया था। इसके बाद इसकी मंजूरी मिली। यह पार्क ऐसा स्पॉट होगा जो एजुकेशन के साथ पर्यटन के आकर्षण का केंद्र भी बनेगा। इससे जबलपुर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। सांसद सिंह ने बताया कि जबलपुर के लमेटाघाट, भेड़ाघाट के पास जियो पार्क बनाए जाने का प्रस्ताव खनिज मंत्रालय भारत सरकार द्वारा अनुमोदित कर लिया गया है। राष्ट्रीय भू-वैज्ञानिक स्मारकों, संग्रहालयों और पार्कों के रूप में दुर्लभ और प्रतिनिधि भूवैज्ञानिक सामग्रियों के संग्रह को संरक्षित करने तथा प्रदेश की जनता को इस प्राकृतिक धरोहर के बारे में अवगत कराने का काम इसमें होगा। सिंह ने बताया कि किसी भी क्षेत्र की आर्थिक समृद्धि का सीधा संबंध भूविज्ञान से अंतर्निहित है। भूविज्ञान केवल चट्टानों और खनिज संसाधनों तक ही सीमित नहीं है अपितु इसका क्षेत्र के पर्यावरण, इतिहास और संस्कृति के साथ प्राकृतिक तालमेल भी है। जियो पार्क इस भूवैज्ञानिक विरासत का एक हिस्सा हो सकता है जो एक ही स्थान पर पूरे क्षेत्र के शैल प्रकारों को प्रदर्शित करता है। यहां पर शानदार रॉक नमूने, क्षेत्र की भू-वैज्ञानिक विरासत और विकास के बारे में दिलचस्प कहानियां बताई जाएंगी। इसमें लाइट एंड साउंड शो भी होगा।

Back to top button