गाजियाबाद: नशेड़ी पति संग रहने से इन्‍कार किया तो सास ने देवर से संबंध बनाने पर किया मजबूर!

गाजियाबाद
दिल्‍ली से सटे गाजियाबाद में एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां शादी के लिए लड़की को लड़का कोई और दिखाया गया पर दूल्हा बनकर मंडप में कोई और पहुंच गया। लड़की के दरवाजे पर बारात पहुंची तो लड़की ने शादी करने से इन्‍कार कर दिया। इस पर दोनों पक्षों में जमकर तनातनी हुई। किसी तरह लोगों ने लड़की और उसके परिजनों को समझाकर उन्‍हें शादी के लिए तैयार कर लिया। बहरहाल लड़की दुल्हन बनकर ससुराल पहुंची और पहली ही रात दूल्‍हा नशे में धुत होकर उसके पास पहुंचा। आरोप है कि सास ने दुल्‍हन पर देवर के साथ संबंध बनाने का दबाव डाला। जब युवती ने ससुराल में रहने से इन्‍कार कर दिया तो उसके साथ मारपीट की गई। पीड़िता ने बताया कि उसे शादी से पहले दर्शन नाम के लड़के को दिखाया था। 21 जनवरी, 2020 को जब उसके दरवाजे पर बारात पहुंची तो दूल्हा दूसरा यानी दर्शन का बड़ा भाई गौरव दिखाई दिया। दूल्हा बदला होने के कारण पीड़िता ने शादी से इन्‍कार कर दिय। वहां मौजूद लोगों ने उस वक्त लड़की और परिजनों को काफी समझाया, जिस पर वे शादी के लिए तैयार हो गए। पीड़िता ने बताया कि वह सुहागरात पर अपने पति का इंतजार करती रही। काफी इंतजार के बाद नशे में धुत गौरव उसके कमरे में आया तो एहसास हुआ कि उसके साथ बड़ा धोखा हो चुका है। पता चला कि हमेशा शराब में डूबे रहने की वजह से गौरव की शादी नहीं हो पा रही थी, इसलिए उसके छोटे भाई दर्शन को उसे दिखाया गया था। यह बात युवती ने अपने मायके वालों को बताई और ससुराल में रहने से इन्‍कार कर दिया।

आरोप है कि जब उसने ससुराल में नशेड़ी पति के साथ रहने के लिए मना किया तो उसकी सास ने उससे देवर दर्शन के साथ संबंध बनाए जाने पर दबाव दिया। पीड़िता ने सास की इस बात का विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद वह वह पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंची। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। पीड़िता के वकील मनोज राय का कहना है कि उनकी मुवक्किल को शादी के लिए दूसरा लड़का दिखाया था जबकि दूल्हा बनकर उसका बड़ा भाई पहुंचा जिसकी शादी नहीं हो रही थी। उनकी मुवक्किल के साथ ससुराल वालों ने शुरू से ही छल किया है। वहीं, इस पूरे मामले में सीओ अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि छानबीन चल रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ ऐक्‍शन लिया जाएगा।

Back to top button