अशोक चौधरी से मिले LJP विधायक राजकुमार सिंह, नीतीश कुमार की तारीफ की 

पटना 
लोजपा के इकलौते विधायक राजकुमार सिंह द्वारा सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश की तारीफ किये जाने और शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी से उनकी मुलाकत ने राजनीतिक गलियारे में खूब चर्चा बटोरी। तीन दिन पहले ही बसपा के इकलौते विधायक जमां खान अशोक चौधरी के आवास पर जदयू में शामिल हुए थे। 

सोमवार को लोजपा के मटिहानी विधायक अशोक चौधरी के घर गए और उनसे मुलाकात की। इसको लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। इस मौके पर लोजपा विधायक ने मुख्यमंत्री की जमकर तारीफ की। जबकि लोजपा प्रमुख चिराग पासवान लगातार मुख्यमंत्री पर कई आरोप लगाते रहे हैं। 

राजकुमार सिंह ने पत्रकारों से कहा कि व्यक्तिगत रूप से नीतीश कुमार का वे शुरू से प्रशंसक रहे हैं। उन्होंने कानून का राज स्थापित किया है। वे अच्छे प्रशासक हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन के लोग मुख्यमंत्री को पूरा सहयोग नहीं दे रहे हैं, जिससे कुछ परेशानियां बढ़ी हैं। 

लोजपा विधायक ने कहा कि मित्रता के नाते वे अशोक चौधरी के आवास पर गए थे। अपने क्षेत्र के काम को लेकर भी उन्होंने मंत्री से बात की है। उन्होंने कहा कि वे लोजपा के अकेले विधायक हैं और उनकी पार्टी में एक हैसियत है। मैं इसे खोना नहीं चाहूंगा। किसी दूसरी पार्टी में शामिल होने की कोई संभावना नहीं है।

Back to top button