नवीन हितग्राहियों को पात्रता पर्ची का वितरण 1 सितम्बर को

मंडला
प्रदेश शासन गरीब परिवारों की खाद्यान्न सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कटिबद्ध है। इस दिशा में एक कदम आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के अंतर्गत नवीन हितग्राहियों को पात्रता पर्ची प्रदाय कर माह सितम्बर 2020 से रियायती दर पर राशन सामग्री का नियमित वितरण करने का निर्णय लिया गया है। प्रदेश के समस्त जिलों में 1 सितम्बर को नवीन हितग्राहियों को राशन का वितरण तथा राशन की पात्रता/अधिकारों के प्रति जागरूक करने हेतु समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन के संबंध में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैठक कर संबंधित अधिकारियों के दायित्व निर्धारित किए।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि कार्यक्रम की सभी आवश्यक तैयारियाँ निर्धारित समय के पूर्व पूर्ण कर ली जाए। समारोह में जिले के सभी निकायों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। चिन्हित हितग्राहियों को ही इस कार्यक्रम में सम्मिलित कराया जाए। कार्यक्रम स्थल पर सोशल डिस्टेसिंग का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रवेश स्थल पर सेनेटाईजेशन एवं स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल में स्वास्थ्य विभाग का काउंटर लगाया जाए जिसमें कार्यक्रम में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का अनिवार्य रूप से स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए। बिना मॉस्क लगाए आने वाले व्यक्तियों को प्रवेश द्वार पर मॉस्क प्रदान किया जाए। बिना मॉस्क लगाए व्यक्तियों को कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश न दिया जाए। कलेक्टर ने मिनिट 2 मिनिट कार्यक्रम तैयार करने एवं संबोधन की जिम्मेदारी अपर कलेक्टर को प्रदान की।

जन प्रतिनिधियों की बैठक व्यवस्था का दायित्व मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को सौंपा गया। मंच व्यवस्था तथा जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने की जिम्मेदारी जिला आपूर्ति अधिकारी को दी गई। जनप्रतिनिधियों की बैठक व्यवस्था कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत करेंगे। बैठक व्यवस्था, साफ-सफाई तथा सेनेटाईजेशन का कार्य मुख्य नगरपालिका अधिकारी को दिया गया। योजनाओं की जानकारी से संबंधित फ्लेक्स, पंपलेट की जिम्मेदारी जिला आपूर्ति अधिकारी को दी गई। इसी प्रकार पेयजल, यातायात, सुरक्षा, विद्युत सहित अन्य जिम्मेदारियां संबंधित विभाग के अधिकारियों को सौंपी गई। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को कोरोना संक्रमण से बचने के लिए सहयोग से सुरक्षा की शपथ दिलाई जाएगी। बैठक में सीईओ जिला पंचायत तन्वी हुड्डा, अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button