17 अप्रैल तक देश के इन इलाकों में आंधी के साथ भारी बारिश की संभावना, गर्मी से मिलेगी राहत

 नई दिल्ली 
देश के कुछ हिस्सों में लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 17 अप्रैल तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। ऐसा मध्य पाकिस्तान पर और पश्चिम राजस्थान से सटे तट पर कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण हो रहा है। इसके साथ ही हरियाणा और उसके आसपास के क्षेत्र में भी एक चक्रवाती परिसंचरण की स्थिति बनी हुई है। इन प्रणालियों के प्रभाव के तहत, 15 से 17 अप्रैल के दौरान पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में गरज, बिजली और आंधी हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटे) के साथ व्यापक वर्षा होने की संभावना है।

आपको बता दें कि 15 और 16 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में  भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। इसके अलावा 15 से 17 अप्रैल के दौरान हिमाचल प्रदेश में भी भारी वर्षा होने की संभावना है।

17 अप्रैल तक उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश और तेज़ हवाएं चलने (30-40 किमी प्रति घंटा) की संभावना है। 15 और 16 अप्रैल को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान और पश्चिम उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि की संभावना है। 16 अप्रैल को धूल भरी आंधी चल सकती है। 15 और 16 अप्रैल को पश्चिमी राजस्थान और 16 और 17 अप्रैल को पूर्वी राजस्थान के ऊपर धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। मौमस की स्थिति बदलने से लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। आपको बता दें कि देश के कई हिस्सों में हीट वेव की स्थिति बनी हुई है।

Back to top button