हर निकाय में विकास कार्य के सुझाव लेने व्हाट्सएप नम्बर, ईमेल जारी करेंगी बीजेपी

भोपाल
भाजपा हर निकाय का अलग घोषणा पत्र और प्रदेश का एक संयुक्त घोषणा पत्र नगरीय निकाय चुनाव के लिए जारी करेगी। इसके लिए पार्टी ने तय किया है कि हर निकाय की जनता के मन की बात और सुझाव लेने के लिए एक व्हाट्सएप नम्बर और ई मेल जारी किया जाएगा। इसमें आने वाले सुझावों के आधार पर ही निकाय चुनाव का घोषणा पत्र पार्टी तय करेगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा निकाय चुनाव की रणनीति और वरिष्ठ नेताओं से चर्चा को लेकर आज रीवा में बैठक करने वाले हैं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा पिछले तीन दिन से कटनी, सतना और रीवा के दौरे पर हैं। कटनी व सतना जिले के वरिष्ठ नेताओं, बूथ व मंडल अध्यक्षों के साथ बैठकें करने के बाद शर्मा आज रीवा में बैठकें लेने वाले हैं। उनके साथ प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर भी बैठकों में शामिल हो रहे हैं। कटनी और सतना जिलों में हुई बैठकों में प्रदेश अध्यक्ष ने यह साफ कर दिया है कि निकाय चुनाव के लिए जनता के सुझाव के आधार पर घोषणा पत्र निकाय वार जारी होंगे। जनता के सुझाव के लिए पार्टी सोशल मीडिया का सहारा लेगी और व्हाट्सएप नम्बर व ईमेल के जरिये सुझाव लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बूथ समिति का कार्यकर्ता ही मूल भाजपा है। वह जो ठानता है वह करके दिखाता है।

प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश सह संगठन मंत्री के सतना प्रवास के दौरान शहर को होर्डिंग से पाट दिया गया था। साथ ही नेताओं के समर्थकों ने अपने नेता के जिंदाबाद के नारे भी ज्यादा लगाए। इसके बाद बंद कमरे में हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष शर्मा और सह संगठन महामंत्री ने उन नेताओं की जमकर क्लास ली जिन्होंने होर्डिंग लगवाए थे। प्रदेश अध्यक्ष ने यहां तक कहा कि उन्होंने ही होर्डिंग पर खर्च करने के बजाय लोगों की मदद की बात कही है और उनके ही आने पर इस तरह का काम किया गया है। नेताओं से कहा गया कि हम भारत माता की जय बोलने वाले लोग हैं। व्यक्ति विशेष के जिन्दाबाद के नारे से बचें।

Back to top button