त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए आरक्षण सूची जारी, 19 दिन में ही गम में बदल गई खुुुशी

प्रतापगढ़
हाईकोर्ट के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की नई आरक्षण सूची जारी कर दी। नए सिरे से हुए आरक्षण में कई सीटों पर उलटफेर हो गया है। सबसे ज्यादा परिवर्तन प्रधान और बीडीसी सदस्यों की सीटों पर हुआ है। दो मार्च को जारी अनंतिम सूची देेखने के बाद चुनाव की तैयारियों में जुटे लोगों को हाईकोर्ट के आदेश के बाद नए सिरे से जारी हुए आरक्षण से तगड़ा झटका लगा है। जिला प्रशासन की ओर से जारी आरक्षण सूची से असंतुष्ट लोगों को 23 मार्च को शाम छह बजे तक ब्लाकों में आपत्ति दाखिल करने का मौका दिया गया है। 24 और 25 मार्च को मुख्यालय पर अफसर आपत्तियों का निस्तारण करेंगे। 26 मार्च को अंतिम सूची प्रकाशित होगी।

नए आरक्षण से 419 ग्राम पंचायतों में समीकरण बदल गए हैं। दो मार्च को जारी आरक्षण में जो 119 सीटें सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित की गई थीं, वह अब अनुसूचित जाति और पिछड़ी जाति महिला के खाते में चली गई हैं। पिछड़ी जाति और महिला के लिए आरक्षित 85 ग्राम पंचायतें अब सामान्य हो गई हैं। 71 ग्राम पंचायतों को अनुसूचित जाति से पिछड़ी जाति में परिवर्तित किया गया है। इसके अलावा 144 अन्य सीटों पर भी उलटफेर हुआ है।

ग्राम प्रधान की कुल 1193 सीटों में सामान्य महिला 197, अनुसूचित महिला 92, पिछड़ी महिला 113, अनुसूचित पुरुष 165, पिछड़ा पुरुष 207 और  419 सीटें अनारक्षित हैं। बीडीसी सदस्य के 1434 वार्डों में 231 पिछड़ी जाति, 146 पिछड़ी जाति महिला, 216 अनुसूचित जाति, 117 अनुसूचित जाति महिला, 332 महिला और 392 सीटें अनारक्षित की गई हैं। आरक्षण सूची से असंतुष्ट लोग 23 मार्च को शाम छह बजे तक ब्लाकों में आपत्तियां दाखिल कर सकते हैं। 24 और 25 मार्च को मुख्यालय पर आपत्तियों का निस्तारण होगा। 26 मार्च को आरक्षण की अंतिम सूची जारी की जाएगी।

पंचायत चुनाव के लिए शासन के आदेश पर दो मार्च को जारी आरक्षण सूची के बाद चुनाव की तैयारियों में जुटे कई लोगों के चेहरे नई आरक्षण सूची आने के बाद लटक गए हैं। पहली बार जारी हुए आरक्षण में सीट मनमाफिक होने के बाद कई लोगों ग्राम पंचायतों मेें प्रचार-पसार शुरू कर दिया था, लेकिन अब नए सिरे से जारी हुए आरक्षण के बाद सीट बदलने से उनकी उम्मीदों को झटका लगा है। हालांकि अभी उन लोगों ने हार नहीं मानी है और सीट को मनमुताबिक रिजर्व कराने के लिए आपत्तियां दाखिल करने की तैयारी में हैं।

Back to top button