प्रधानमंत्री मोदी छह अप्रैल को यूपी को संबोधित करेंगे

लखनऊ 
छह अप्रैल को भाजपा के स्थापना दिवस कार्यक्रम के अवसर पर सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा वर्चुअल माध्यमों से अपनी बात पार्टी के नीचले स्तर तक के कार्यकर्ताओं तक पहुंचाएंगे। भाजपा प्रदेश मुख्यालय, जिला कार्यालय और मंडल कार्यालयों पर पीएम मोदी के संबोधन को लाइव सुनने व देखने की व्यवस्था की जाएगी। कार्यालयों पर पार्टी का झंडा लगाया जाएगा। इस दिन प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी बूथों पर जाकर बूथ समिति के साथ बैठक करेंगे। शनिवार को देर शाम प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने वर्चुअल बैठक कर इस कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के साथ ही तैयारियों के निर्देश दिए। इस कार्यक्रम के लिए प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल, प्रदेश उपाध्यक्ष वृज बहादुर तथा प्रदेश मंत्री रामचंद्र कन्नौजिया को अभियान प्रभारी बनाया। वर्चुअल बैठक से सभी क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, प्रदेश सह प्रभारी आदि जुड़े थे। 

मंत्री, सांसद व विधायक बूथों पर करेंगे बैठकें
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव ने कहा कि स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना है। प्रदेश, जिला व मंडल कार्यालयों तक इस कार्यक्रम को लाइव देखने व सुनने की व्यवस्था की जाए। कार्यालयों पर पार्टी का झंडा फहराया जाए। लोगों को समय बताया जाए कि वह यूट्यूब, ट्वीटर, फेसबुक आदि के माध्यम से प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनें। इस दिन राज्य के 1.63 लाख 500 बूथों पर बूथ अध्यक्ष के घर पार्टी का झंडा अवश्य लगे। भाजपा के सभी सांसद, विधायक, मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी तथा अन्य वरिष्ठ नेता बूथों पर बूथ कमेटी के साथ बैठक करें। इस बैठक में केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों के साथ ही पंचायत चुनाव पर चर्चा की जाए। 

सीएम भी जा सकते हैं किसी बूथ पर
बताया जाता है कि बूथ पर बैठक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भी किसी बूथ पर जा सकते हैं, हालांकि अभी उनका कोई कार्यक्रम तय नहीं है। प्रदेश भाजपा स्थापना दिवस कार्यक्रम और बैठकों से ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत चुनाव की तैयारियों को तेज करेगी। पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने का काम वरिष्ठ नेता करेंगे।
 

Back to top button