चारधाम 2021: गंगोत्री धाम के कपाट आज विधि-विधान के साथ खोले गए 

उत्तरकाशी
विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट शनिवार (15 मई) की सुबह विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ खोले गए हैं। गंगोत्री धाम के कपाट खोलने के साथ ही पारंपारिक रस्में भी निभाई गईं। बता दें कि चारधाम यात्रा स्थगित होने के कारण कपाट उद्घाटन के शुभ अवसर पर 21 तीर्थ पुरोहित शामिल हुए। बता दें कि 14 मई दिन शुक्रवार को शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव से मां गंगा की भोग मूर्ति को डोली यात्रा के साथ गंगोत्री धाम के लिए रवाना किया गया था। डोली यात्रा भैरोंघाटी स्थित प्राचीन भैरव मंदिर में रात्रि विश्राम के पश्चात आज शनिवार को तड़के गंगोत्री पहुंची। जिसके बाद सुबह साढ़े सात बजे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गंगोत्री मंदिर के कपाट खुले। हालांकि, कोरोना महामारी के चलते इस बार तीर्थ पुरोहितों के गांव मुखबा में कोई विशेष उत्साह नहीं दिखा।

उत्तराखंड सरकार श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए, उनके लिए वर्चुअल ऑनलाइन दर्शन कराने की तैयारी कर रही है। यमुनोत्री के बाद, 15 मई को गंगोत्री धाम के कपाट, 17 मई को केदारनाथ धाम के कपाट और बद्रीनाथ धाम के कपाट 18 मई को खुल रहे हैं। 
 

श्रद्धालु ऑनलाइन दर्शन और ऑडियो के माध्यम से कर सकेंगे पूजा अर्चना
भक्तों को घर बैठे चार धाम यात्रा के दर्शन कराने के मामले में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के साथ भी बातचीत की है। जहां सीएम रावत के निर्देशानुसार यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ के ऑनलाइन वर्चुअल दर्शन की व्यवस्था करने से चारों धामों के दर्शन के इच्छुक श्रद्धालु मंदिर के गर्भगृह को छोड़कर बाकी मंदिर परिसर के ऑनलाइन दर्शन और ऑडियो के माध्यम से पूजा अर्चना कर सकेंगे।

Back to top button