दिल्ली को मानसून के लिए करना होगा थोड़ा और इंतजार, गर्मी से राहत नहीं

 नई दिल्ली 
राजधानी दिल्ली में मॉनसून के पहुंचने की आधिकारिक तारीख भले ही 27 जून हो। लेकिन बीते 10 वर्षो में पांच बार जून की बजाय मॉनसून जुलाई में पहुंचा है। वर्ष 2006 में तो मॉनसून नौ जुलाई को राजधानी पहुंचा था। इस बार भी कुछ ऐसा ही होता दिख रहा है। देश के कई हिस्से ऐसे हैं, जहां पर पिछले कुछ दिनों से लगातार झमाझम मॉनसूनी बारिश हो रही है। लेकिन दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्से ऐसे हैं जो अब भी मॉनसून के आने का इंतजार कर रहे हैं। इस बार मॉनसून की तेजी से हो रही प्रगति को देखते हुए पहले तो 15 जून तक मॉनसून के दिल्ली पर छा जाने का पूर्वानुमान था। लेकिन पश्चिमी हवाओं के चलते मॉनसून की रफ्तार जो थमी तो दोबारा मॉनसून जोर नहीं पकड़ सका है।

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून को लेकर पुराने रिकॉर्ड के हिसाब से अनुमान लगाया जाता है। लेकिन कई बार हवा की दिशा में बदलाव या अन्य कारकों की वजह से मॉनसून अपने निर्धारित समय से देर से पहुंचता है।  मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक अगले छह दिनों के दौरान हवा की दिशा मुख्यतः पश्चिमी, उत्तर पश्चिमी या दक्षिणी पश्चिमी रहेगी। मॉनसून को तेजी से आगे बढ़ाने वाली पूर्वी हवाएं चलने का अभी अनुमान नहीं है। इसके चलते अभी चार जुलाई तक मॉनसून के दिल्ली पर छाने के आसार नहीं हैं। 

Back to top button