प्रदेश में वैक्सीनेशन महाअभियान 10 नवंबर से,100% लक्ष्य पूरा करने रोज लगाने होंगे 6.97 लाख टीके

भोपाल

मध्यप्रदेश में वैक्सीनेशन में एक करोड़ से ज्यादा लोगों की दूसरे डोज की पेंडेंसी बढ़ गई। अब सरकार दूसरे डोज का 100% लक्ष्य हासिल करने के लिए वैक्सीनेशन महाअभियान दोबारा शुरू होने जा रही है। अब तक प्रदेश में 7.14 करोड़ डोज लगाए जा चुके हैं। पहला डोज 4.99 करोड़ लोगों ने लगवाया है। वहीं, दूसरा डोज 2.15 करोड़ लोगों ने लगवाया है।

यह अभियान 10 नवंबर, 17 नवंबर, 24 नवंबर और 1 दिसंबर प्रत्येक बुधवार को होगा। सरकार ने 18+ की पात्र आबादी को दोनों डोज का 100% लक्ष्य पूरा करने के लिए दिसंबर 2021 तक का समय तय किया है। प्रदेश में पात्र आबादी 5.49 करोड़ है। दूसरा डोज अभी 3.33 करोड़ और पहला डोज करीब 50 लाख को लगना है। ऐसे में सरकार को 31 दिसंबर 2021 तक लक्ष्य पूरा करने के लिए रोज 6.97 डोज लगाने होंगे।

राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. संतोष शुक्ला ने बताया कि लोगों ने खेती के काम और त्योहार के बाद वैक्सीन लगवाने की बात कही थी। उन्होंने लोगों से अपील की कि आप दूसरा डोज लगवाएं। दोनों डोज लगाने के बाद ही कोरोना से सुरक्षित हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि इस बार महाअभियान के लिए बुधवार का दिन तय किया है। यह अभियान के लिए तैयारी की है। सबसे पहले सूची बना रहे हैं कि किसने पहला डोज, दूसरा डोज लगवाया और किसने कोई भी डोज नहीं लगाया। हम आंशिक या दोनों डोज नहीं लगाने वाले लोगों को फोन करके या मैसेज करके टीका लगवाएंगे।

3 जिलों में 100% वैक्सीनेशन
सरकार ने जनवरी में वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत की थी। इन 10 महीने में प्रदेश के सिर्फ इंदौर, भोपाल और आगर जिले में ही 100% पहले डोज का वैक्सीनेशन हुआ है। 28 जिलों में 91% से अधिक, 18 जिलों में 90% से अधिक और बाकी जिलों में 82 से 90% वैक्सीनेशन हुआ है।

लोग बोले- भूल गए
लोगों ने पहला डोज लगाने के बाद दूसरा डोज लगाने नहीं आने को लेकर कहा कि ‘पहला डोज लगाने के बाद दूसरा डोज याद नहीं रहा’, ‘पहला डोज लगने के बाद अब बीमारी नहीं आने पर उदासीन हाे गए’ और ‘पहला डोज लगाने पर बुखार आने के कारण दूसरा डोज लगाने नहीं गए।’

Back to top button