दिल्ली में नगर निगम चुनाव: भाजपा को सत्ता से बेदखल करने को ‘आप’ ने खोला मोर्चा, शुरू किया एमसीडी बदलाव अभियान

नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी (AAP) ने शनिवार को दिल्ली में नगर निगम चुनाव (MCD Elections 2022) का बिगुल बजाते हुए भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए बड़े पैमाने पर 'एमसीडी बदलाव' (MCD Badlaav) अभियान शुरू किया है। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने पार्टी मुख्यालय में संयुक्त रूप से 'आप' कार्यकर्ताओं, विधायकों, पार्षदों और पदाधिकारियों की उपस्थिति में इस अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के तहत अगले साल की शुरुआत में राजधानी के हर नुक्कड़ और कोने में मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी। इस अवसर पर मनीष सिसोदिया ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और अन्य क्षेत्रों में अब तक किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला और लोगों से आगामी दिल्ली नगर निगम चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) को वोट देने के लिए अपील की।

सिसोदिया ने कहा कि हम पिछले नौ वर्षों से एक राजनीतिक आंदोलन को आगे बढ़ा रहे हैं। 'आप' अब भी एक पार्टी नहीं है। यह एक आंदोलन है। इस आंदोलन के पीछे कुछ मकसद और सपने हैं। हमें देश में राजनीतिक विमर्श को बदलना होगा और इसे एक दिशा देनी होगी। इस अवसर पर गोपाल राय ने नगर निगमों में कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि भगवा पार्टी ने अपने 15 वर्षों के शासन के दौरान दिल्ली के लोगों को दो उपहार दिए हैं – "तीन कचरा पहाड़ और शहर की हर गली में जबरन वसूली"।

उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगमों में बदलाव लाने के लिए भ्रष्ट भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए आज से एक महा अभियान' शुरू हो रहा है। उन्होंने कहा कि एमसीडी बदलाव अभियान के तहत रविवार को व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा और उन्होंने अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से इसकी सफलता सुनिश्चित करने को कहा। 'आप' की दिल्ली इकाई के संयोजक गोपाल राय ने अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को 'एमसीडी बदलाव' अभियान के तहत कम से कम 50 लाख लोगों को पार्टी का सदस्य बनाने का लक्ष्य भी दिया।

सिसोदिया ने कहा कि हर दिल्लीवासी तक पहुंचने के लिए सदस्यता अभियान कल से शुरू हो रहा है। जो काम नहीं करेंगे उनकी गिनती निगेटिव में की जाएगी। आपको यह ध्यान रखना चाहिए कि बड़े भाई देख रहे हैं। सिर्फ उपस्थिति दर्ज कराने और फेसबुक और वॉट्सऐप पर फोटो शेयर करने से मदद नहीं मिलेगी।

Back to top button