एयरफोर्स चीफ बोले- दुश्मन से है हमें ब्लैकआउट का भी खतरा

नई दिल्ली
चीन और पाकिस्तान मौजूदा समय में ही भारत के लिए चुनौती नहीं हैं, बल्कि आने वाले कई सालों तक ये दोनों देश अपनी रणनीति यही रखने वाले हैं। दोनों देश मिलकर अपनी सैन्य क्षमताओं में लगातार इजाफा करते जा रहे हैं और आने वाले दिनों में भारत को इन्हें मुंहतोड़ जवाब देने के लिए अपनी तैयारी भी पूरी रखनी होगी। एयरचीफ मार्शल विवेक राम चौधरी ने चीन और पाकिस्तान की हरकतों के मद्देनजर बताया कि कैसे भारत को हर वक्त किसी अप्रत्याशित हमले के लिए तैयार रहना चाहिए और अपनी रणनीति पर भविष्य को ध्यान में रखते हुए बदलना चाहिए। एयरचीफ मार्शल विवेक राम चौधरी ने बताया कि भारत को भविष्य में, सभी मोर्चों पर हमला झेलना पड़ सकता है। ये हमला आर्थिक पाबंदियों से लेकर राजनयिक अलगाव और सैन्य गतिरोध से लेकर इनफर्मेशन ब्लैकआउट तक किसी भी रूप में हो सकते हैं। एयरचीफ मार्शल ने कहा कि भारत को अब  पूरी तरह से तैयार होने की आवश्यकता होगी।

उन्होंने कहा, 'चीन भारत के रणनीतिक लक्ष्यों के लिए एक अहम और दीर्घकालिक चुनौती बना हुआ है। चीनी और पाकिस्तानी वायुसेना दोनों ने उपकरण और बुनियादी ढांचे में अपनी सैन्य क्षमताओं को बढ़ाया है। ऐसे में भारतीय वायुसेना को भी तेजी से आधुनिकीकरण करने, अपने बेड़े में विस्तार करने और स्वदेशी विनिर्माण क्षमताओं में सुधार करने की जरूरत है।' उन्होंने आगे कहा, 'पाकिस्तान शायद ही अपनी कश्मीर केंद्रित नीति को कभी बदले। वह आतंकवाद को पनाह देना जारी रखेगा। पाकिस्तानी सशस्त्र बलों ने युद्ध-लड़ाई के लिए नई नीति अपनाई है और खुद को नई-नई तकनीक, विमान से लैस किया है। साथ ही, अपनी रक्षा क्षमताओं को भी पहले से बेहतर बनाया है।' एयरचीफ मार्शल ने यह भी कहा कि भारत को अपनी रणनीतिक प्राथमिकताओं के साथ ही अपने ऐक्शन पर फिर से विचार करना चाहिए, ताकि हम पीछे न रहें। उन्होंने कहा कि हमराी सीमाएं अस्थिर पड़ोसियों से प्रभावित हैं, जो भविष्य में फ्लैशपॉइंट (चरम) बन सकती है।

 

Back to top button