कोरोना काल की सेवा के बदले बोनस अंक

रायपुर। कोरोना काल में नियुक्त किए गए अस्थाई स्वास्थ्य कर्मियों को स्थायी नियुक्ति में बोनस अंक मिलेगा। शर्त यह है कि लगातार छह महीने सेवा दी हो। अस्थाई स्वास्थ्य कर्मियों को विभाग में तृतीय एवं चतुर्थ वर्ग कर्मचारियों की में भर्ती के दौरान 10 बोनस अंक का लाभ देने का निर्णय लिया गया है। प्रमुख सचिव आलोक शुक्ला की अध्यक्षता में गठित समिति की अनुशंसा के बाद स्वास्थ्य विभाग ने आदेश जारी कर दिए। इसका फायदा करीब 5 हजार अस्थाई कर्मचारियों को होगा।

मार्च 2020 से इस साल तक सरकार ने कलेक्टर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के जरिए 5 हजार से अधिक अस्थाई स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति की थी। इनमें नर्स, सैंपल कलेक्टर, कॉन्टैक्ट ट्रेसर, सैंपल टेस्टिंग आॅफिसर, लैब टेक्नीशियन, वैक्सीनेटर और डाटा एंट्री आॅपरेटर जैसे पदों पर नियुक्तियां शामिल थीं। कोरोना के मरीजों की संख्या कम होने के बाद इनमें से अधिकतर की सेवाएं समाप्त कर दी गई थीं। स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को यह आदेश जारी किया।

Back to top button