बिहार: मुखिया के घर से शराब और हथियार के साथ पांच गिरफ्तार, हत्थे चढ़ा यूपी का एक जवान

आरा
आरा के भोजपुर के शाहपुर प्रखंड में पंचायत चुनाव से पूर्व पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस की ओर से झौंवा बेलवनिया पंचायत के पूर्व मुखिया हरेराम सिंह व निवर्तमान मुखिया पत्नी के घर से हथियार और शराब बरामद की गयी है। पूर्व मुखिया के भाई सहित पांच लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। इनमें पूर्व मुखिया के ड्राइवर और घर में काम करने वाले भी हैं। वहीं यूपी पुलिस के एक जवान के भी पकड़े जाने की चर्चा है।  पूर्व मुखिया की पत्नी निवर्तमान मुखिया इस बार भी मुखिया की प्रत्याशी हैं। उनके बिहिया थाना क्षेत्र के झौंवा स्थित घर छापेमारी कर शराब और हथियार बरामद की गयी है। सूत्रों के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चुनाव में वोटरों को धमकाने के लिए हथियार जुटाये गये हैं और वोटरों को प्रभावित करने के लिए शराब भी मंगाई गई है।  इस आधार पर पुलिस टीम का गठन कर झौवा गांव निवासी मुखिया के घर छापेमारी की गई। वहां से दो सेमी ऑटोमेटिक राइफल, दो पिस्टल, करीब सौ गोली बरामद की गयी। खुली रम की बोतल और यूपी निर्मित शराब छोटी शराब बोतल जब्त की गयी। इसके बाद पुलिस ने यूपी पुलिस के जवान समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

हालांकि पूर्व मुखिया मौके से फरार हो गये। उधर, ग्रामीणों की ओर से यूपी पुलिस के जवान व घर में काम करने वालों को इस मामले में निर्दोष बता रहे थे। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शाम तक पूर्व मुखिया की ओर से हथियार के कागजात प्रस्तुत नहीं किये गये थे। पुलिस इन हथियारों की जांच कर रही है। बता दें शाहपुर प्रखंड में 12 दिसंबर को पंचायत चुनाव होना है। एसपी विनय तिवारी ने बताया कि छापेमारी में हथियार और शराब बरामद की गयी है। अभी छापेमारी चल रही है। छापेमारी की कार्रवाई पूरी होने के बाद शुक्रवार को विस्तृत जानकारी दी जा सकती है।

 

Back to top button