जैक अध्यक्ष का नाम लगभग हुआ तय, सीएम सोरेन से शिक्षा मंत्री ने की मुलाकात

रांची
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के नए अध्यक्ष के लिए गुरुवार देर रात मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के बीच गहन चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि दोनों लोगों के बीच चर्चा के बाद नाम लगभग तय कर लिए गए हैं। शिक्षा मंत्री ने कहा कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों के नाम पर निर्णय ले लिया गया है। शुक्रवार को वे इसका ऐलान करेंगे।

कई नामों की चर्चा
जैक अध्यक्ष के लिए कई नाम चर्चा में हैं। इनमें सबसे प्रबल दावेदार प्रो सुहासिनी बेसरा और प्रो अशोक कुमार सिंह को बताया जा रहा है। वे दोनों शिक्षाविद हैं। प्रो सुहासिनी बेसरा झामुमो नेता स्टीफन मरांडी की पत्नी हैं, वहीं प्रो अशोक कुमार सिंह झामुमो के रांची जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। इनके अलावा प्रो पीके सिंह, प्रो सुदेश साहू तथा डॉ दिवाकर मिंज के नाम की भी चर्चा है। इसके अलावा कोई नया नाम भी सामने आ सकता है। बता दें कि जैक अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का पद 15 सितंबर से ही खाली है। जैक के पूर्व अध्यक्ष अरविंद प्रसाद सिंह और उपाध्यक्ष फूल सिंह का कार्यकाल 14 सितंबर को ही पूरा हो चुका था। नए जैक अध्यक्ष की नियुक्ति अगले तीन साल के लिए होगी। जैक अध्यक्ष के नहीं रहने की वजह से जैक के अधिकारियों व कर्मचारियों को वेतन भुगतान में दिक्कत हो रही थी। इसके लिए पिछले दिनों ही जैक के सचिव को वेतन निकासी व भुगतान का अधिकार दिया गया है। वहीं, इंटर कॉलेजों में सीट बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर शिक्षा मंत्री  ने स्वीकृति दी है। जैक अध्यक्ष के बिना मैट्रिक, इंटर के पहले टर्म की परीक्षा से लेकर आठवीं, नौवीं और 11वीं की परीक्षा की तैयारी शुरू नहीं हो पा रही है। मैट्रिक व इंटरमीडिएट के पहले टर्म की परीक्षा एक से 15 दिसंबर के पूर्व होनी थी, लेकिन अब इस माह में भी होने की संभावना कम नजर आ रही है। नए जैक अध्यक्ष आने या जैक सचिव को अधिकार मिलने के बाद ही इसकी प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।

 

Back to top button