दूल्हे ने सोने की अंगूठी हल्की देख उतार फेंका सेहरा, दुल्हन बोली- लालची बंदे नाल मैं नहीं जाना

जालंधर
गांव कोहालां में शादी समारोह के दौरान दहेज मांगना पति व उसके परिवार को महंगा पड़ गया। हल्की सोने की अंगूठी को लेकर विवाद हुआ तो दुल्हन ने लावां तो ले ली लेकिन डोली में बैठने से मना कर दिया। वह दूल्हे के साथ ससुराल घर भी नहीं गई। उसने पुलिस में शिकायत दी और शाम होते-होते दूल्हे सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार लोगों में पिता, भाई व बिचौलन भाभी भी शामिल है। पुलिस के अनुसार कपूरथला के गांव नूरपुर दोना का दूल्हा गुरदयाल सिंह बरात लेकर कोहालां पहुंचा था। लावां लेने से पहले अंगूठी दिखाई गई। अंगूठी हलकी होने व बिचौलन संदीप कौर को अंगूठी न पहनाए जाने पर बवाल हो गया। दोनों पक्षों के लोगों के सामने गुरदयाल ने सिर पर सजा सेहरा उतार दिया और अंगूठियां जमीन पर फेंक दी। इससे तनाव की स्थिति पैदा हो गई लेकिन लड़की पक्ष ने इज्जत का हवाला देकर मामला शांत करवा दिया। उसके बाद गांव के धार्मिक स्थल पर दोनों की लावां की रस्म करवा दी गई। लावां के बाद अचानक लड़की ने डोली में बैठने से साफ इंकार कर दिया। उसने कहा- मैंने लालची बंदे नाल नहीं जाणा।

घटना की सूचना मिलते ही थाना लांबड़ा की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लड़की व परिवार के बयानों पर दूल्हे गुरदयाल सिंह, बिचौलन भाभी संदीप कौर, मोहिंदर सिंह (लड़के के पिता) व भाई सुरजीत सिंह को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने देर रात लड़की के बयान दर्ज करने के बाद आरोपितों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व अन्य धाराओं में केस दर्ज करते हुए उनकी गिरफ्तारी दिखा दी। थाना प्रभारी लांबड़ा सुखदेव सिंह ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

 

Back to top button