इलाज के नाम पर मिली धर्म परिवर्तन की सूचना, ग्रामीणों ने पुलिस को दौड़ाया, भागकर बचाई जान

कुसमरा (मैनपुरी)

मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के ग्राम नगला बख्ती में इलाज के नाम पर धर्म परिवर्तन की खबर फैली तो हड़कंप मच गया। हिंदूवादी संगठनों के लोगों की शिकायत पर रामनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाने लगी। इसी दौरान गांव की गुस्साई महिलाओं और पुरुषों ने अभद्रता शुरू कर दी और पुलिस को दौड़ा लिया।

दरोगा और पुलिसकर्मियों ने भागकर अपनी जान बचाई। आरोप है कि धर्म परिवर्तन को लेकर सभा हुई और दावत का इंतजाम किया गया था। वहीं हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों और नामजदों पर फायरिंग करने और बंधक बनाने का आरोप लगाया है। मामले की जानकारी एसपी को भी दी गई है। थाना क्षेत्र के ग्राम नगला बख्ती में शनिवार को दावत की तैयारी हो रही थी। इसी दौरान पुलिस को जानकारी दी गई कि 71 वर्षीय मेवाराम पुत्र रामवरन निवासी बहोशी थाना इंदरगढ़ कन्नौज हाल निवासी नगला बख्ती ने दावत का इंतजाम कराया है, मेवाराम नेत्रहीन है। जानकारी दी गई कि दावत की आढ़ में धर्म परिवर्तन हो रहा है।

जानकारी मिलते ही रामनगर चौकी से दरोगा सत्यभान सिंह सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों से बात कर जानकारी जुटाने लगे। मेवाराम का आधार कार्ड चेक किया गया तो बताया गया कि मेवाराम गांव की पूर्व प्रधान प्रेमा देवी पत्नी रामप्रसाद जाटव का मामा है। पुलिस ने नेत्रहीन वृद्ध से बात की तो लोगों ने अभद्रता शुरू कर दी। गाली-गलौज कर पुलिसकर्मियों को दौड़ा लिया गया। सभी ने भागकर अपनी जान बचाई।

Back to top button