बदला मौसम, बौछारें पड़ने के आसार, गिर सकते हैं ओले

 भोपाल
राजधानी में मौसम  बदलने लगा है। उत्तर पूर्वी हवाओं के दखल से अब यहां पर ठंड का असर कम हो रहा है और पारा ऊपर उठने लगा है। अफगानिस्तान के आसपास ट्रफ के रूप में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बना हुआ है। हवाएं भी दक्षिण-पूर्वी चलने से प्रदेश के अधिकतर जिलों में बादल छाने लगे हैं। इसक कारण बौछारे पड़ने के आसार हैं।  गत दिवस  राजधानी भोपाल का अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो कि सामान्य से दो डिग्री से. अधिक रहा।  

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 36 घंटों में प्रदेश का मौसम और बदलेगा। आसमान में हल्के बादल छाये रहेंगे। उज्जैन, आगर, शाजापुर, देवास, राजगढ़, सीहोर, भोपाल, विदिशा, रायसेन, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर कलां, दतिया, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ ओला, बारिश और गरज-चमक के साथ ओले गिर सकते हैं।

हवाओं का रुख उत्तर-पूर्वी होने और बादल छाने  से न्यूनतम तापमान में  बढ़ोतरी होने लगी है।  बादल छाने के कारण अब दिन के तापमान में  गिरावट का सिलसिला शुरू होगा।  अगले 24 घंटों  में एक तीव्र आवृति वाले पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर भारत में प्रवेश करने वाला है। इसके असर से राजस्थान में एक प्रेरित चक्रवात बनेगा। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने लगेगी। इस दौरान कहीं-कही भारी ओलावृष्टि भी हो सकती है। मौसम का मिजाज 10 जनवरी तक बिगड़ा रह सकता है।

Back to top button