रूस के साथ संभावित जंग! यूक्रेन के लोग छापामार की तैयारी में जुटे

नई दिल्ली
यूक्रेन की सीमाओं के पास रूसी सैनिकों के इकट्ठा होने के बीच यूक्रेन और रूस संकट और बढ़ गया है। हालांकि रूस ने इस बात से लगातार इनकार किया कि वह हमले की योजना बना रहा है। लेकिन यूक्रेन के लोगों को लग रहा है कि रूस उनके देश पर आक्रमण जरूर करेगा। इसी कड़ी में यूक्रेन के लोग छापामार युद्ध करने की योजना बना रहे हैं। दरअसल, यूक्रेन की सीमा पर जहां रूस के हजारों सैनिक इकट्ठा हैं, वहां से केवल 40 किलोमीटर दूर यूक्रेन का दूसरा सबसे बड़ा शहर है खारकीव स्थित है। यह एक औद्योगिक केन्द्र है और यहां हालात तनावपूर्ण हैं। एजेंसी ने अपनी एक रिपोर्ट में स्थानीय लोगों के हवाले से बताया है कि खारकीव शहर के लोगों की राय बंटी हुई है, कुछ यूक्रेन के पक्ष में हैं तो कुछ रूस के पक्ष में। इनमें से कुछ रूस से डट कर मुकाबला करने तो कुछ अपना जीवन शांति से बिताने की बात कहते हैं।

दस लाख से अधिक की आबादी वाले खारकीव शहर के कुछ लोगों का कहना है कि अगर रूस आक्रमण करता है तो वे आम नागरिक का जीवन त्याग कर रूसी सैनिकों के खिलाफ छापामार युद्ध करेंगे। उनका मानना है कि देश के बहुत से नागरिक यही करेंगे। किशोरों को टेबल टेनिस सिखाने वाली कोच विक्टोरिया बालेसिना कहती हैं कि इस शहर की रक्षा होनी चाहिए। हमें कुछ करने की जरूरत है, न कि डरने की और घुटने टेकने की। जानकारों और अमेरिकी खुफिया अधिकारियों का कहना है कि दंत चिकित्सकों, कोच, गृहणियों का ऐसे शहर में छापामार युद्ध करना जहां जमीन के नीचे छिपने के लिए हजारों आश्रय स्थल हैं, रूसी सैन्य योजनकारों के लिए बुरा अनुभव साबित हो सकता है। लेकिन यह तब होगा जब रूस और यूक्रेन के बीच संभावित युद्ध होगा। बता दें कि इससे पहले भी यूक्रेन के लोगों की कई तस्वीरें सामने आई थीं जब यूक्रेन की सेना वहां के नागरिकों को बंदूक और अन्य हथियारों की ट्रेनिंग देते नजर आई। इतना ही नहीं इनमें बच्चे और औरतें भी शामिल दिखाई दिए। बताया गया कि संभावित रूसी हमले के खतरे को देखते हुए यूक्रेन के आम लोगों ने भी कमर कस ली। आम लोग अपनी सेना के साथ मिलकर डमी हथियारों के जरिए सैन्य अभ्यास कर रहे हैं।

 

Back to top button