हफ्ते में पांच दिन ही काम करेंगे छत्‍तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारी

रायपुर
 छत्‍तीसगढ़ में अब सरकारी कर्मचारियों को सप्‍ताह में पांच दिन काम करना होगा। यानि हर महीने की शनिवार को अवकाश रहेगा। बता दें कि गणतंत्र दिवस के दिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शासकीय कर्मचारियों की कार्यक्षमता और उत्पादकता बढ़ाने के लिए हर हफ्ते पांच कार्य दिवस प्रणाली शुरू करने की घोषणा की थी। इसी घोषणा के बाद बुधवार को सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से मंत्रालय से अधिसूचना जारी कर दी गई है।

जारी अधिसूचना में कहा गया है कि राज्य शासन द्वारा शासकीय कर्मचारियों की कार्यक्षमता और उत्पादकता बढ़ाने के उद्देश्य से माह के दूसरे और तीसरे शनिवार की तरह सभी शनिवार को अवकाश घोषित किया जाता है।

अधिसूचना में यह भी कहा गया है कि राज्य के मंत्रालय एवं विभागाध्यक्ष कार्यालयों और सभी मैदानी कार्यालयों के लिए कार्यावधि सुबह 10 बजे से सायं 5:30 तक तय की गई है। कार्यालयीन अवधि में भोजन अवकाश पूर्व की भांति रहेगा। यह आदेश अधिसूचना जारी होने के तिथि से प्रभावशील हो गया है।

धान खरीदी लक्ष्य से करीब 10 लाख टन दूर, बीते वर्ष की खरीदी के पार पहुंचा आंकड़ा

छत्‍तीसगढ़ में धान खरीदी का आंकड़ा पिछले वर्ष हुई खरीद के पार पहुंच गया है। अब तक 95.78 लाख टन खरीदी हो चुकी है, जबकि पिछले साल कुल 95.38 लाख टन खरीदी हुई थी। राज्य सरकार ने इस वर्ष 105 लाख टन खरीदी का लक्ष्य रखा है यानी अब 10 लाख टन और खरीदी होनी। इसके लिए सात फरवरी तक का समय है।

इस वर्ष 21.52 लाख किसानों से 95.78 लाख टन से अधिक धान की खरीदी की गई है। धान खरीदी के एवज में अब तक किसानों को बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत 18,305.49 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप धान खरीदी के साथ ही समांतर रूप से कस्टम मिलिंग के लिए धान का उठाव तेजी से किया जा रहा है।

अब तक मिलर्स द्वारा डीओ और टीओ के माध्यम से 56.51 लाख टन धान का उठाव हो चुका है। केंद्रीय पूल में चावल जमा कराने के मामले में भी नया रिकार्ड बना है। अब तक 14.90 लाख टन चावल केंद्रीय पूल में जमा किया जा चुका है। इसमें भारतीय खाद्य निगम में 8.28 और नागरिक आपूर्ति निगम में 6.62 लाख टन चावल शामिल है।

Back to top button