प्रदेश कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने पूर्व मंत्री पचौरी को कहे अपशब्द , ऑडियो पर बवाल

नर्मदापुरम

मध्यप्रदेश में नर्मदापुरम (होशंगाबाद) के कांग्रेस जिला अध्यक्ष सत्येंद्र फौजदार का ऑडियो सामने आया है। जिसमें वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सुरेश पचौरी को आपत्तिजनक शब्द कह रहे हैं। इस ऑडियो के आने के बाद इलाके में राजनीति गर्मा गई है। भाजपा नेता व केंद्रीय राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने जहां इसे लेकर कांग्रेस पार्टी के संस्कारों पर सवाल उठाए हैं। वहीं, फौजदार ने इसे अपने खिलाफ षड्यंत्र बताया है। उनका कहना है कि उनकी आवाज के साथ छेड़छाड़ की गई है।

केंद्रीय राज्यमंत्री कुलस्ते ने इस ऑडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया और दावा किया कि ऑडियो कांग्रेस जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह फौजदार और IT सेल के नगर अध्यक्ष लवलेश जैन के बीच बातचीत का है। कुलस्ते ने लिखा है कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं का संस्कार और मर्यादा जैसे शब्दों से दूर-दूर तक वास्ता नहीं है। पूर्व केंद्रीय मंत्री व ब्राह्मण समाज के सम्मानित व्यक्ति के लिए होशंगाबाद जिलाध्यक्ष जिस तरह से अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, उसकी जितनी निंदा की जाए, कम है।

इधर, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सतेन्द्र फौजदार ने ऑडियो को फेक बताया है। उनका कहना है कि ये मेरा ऑडियो नहीं है। मैं अभी कांग्रेस के घर-घर चलो अभियान में हूं। मैं क्यों अपने वरिष्ठ नेताओं के लिए अपशब्दों का प्रयोग करूंगा? जिन्होंने मुझे जिला अध्यक्ष बनाया है।

सोशल मीडिया टीम भंग होने से गरमाई राजनीति

कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग की जिला कमेटी के भंग होने और नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद से जिले में राजनीति गरमाई हुई है। आईटी सेल के पूर्व जिला अध्यक्ष अक्षय दीक्षित भी जिला अध्यक्ष फौजदार के खिलाफ खुलकर सोशल मीडिया पर लिख रहे हैं। हालांकि हम ऑडियो की पुष्टि नहीं करते।

Back to top button