राजस्थान: अशोक गहलोत बोले, रेवड़ी नहीं हैं सामाजिक सुरक्षा की योजनाएं

जयपुर
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को रेवड़ी कहना गलत है। विदेशों में बुजुर्गों को साप्ताहिक पैसा मिलता है। हमें सामाजिक सुरक्षा पर जोर देना ही होगा। प्रदेश में सामाजिक क्षेत्र में अनेक योजनाएं चल रही हैं। राजस्थान सरकार की सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर लागू किया जाना चाहिए। सोमवार को जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में आयोजित राज्यस्तरीय 76वें स्वाधीनता दिवस समारोह में गहलोत ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव युवा पीढ़ी को समर्पित होना चाहिए। देश के स्वतंत्रता सेनानियों ने बहुत कुर्बानियां दी हैं। देश को आजाद करवाने में जो शहीद हुए हैं, युवा पीढ़ी उन्हें याद रखे।

मैंने हमेशा गरीव को गणेश मानकर किया कामः सीएम
सीएम ने कहा कि आज मैंने 14वीं बार तिरंगा फहराया है। मेरे लिए यह गर्व की बात है। मैंने हमेशा गरीब को गणेश मानकर काम किया है। हमारी सरकार गरीब के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना मेरा सपना है। केंद्र सरकार को इसे राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देना चाहिए। गहलोत ने कहा कि छूआछूत की घटनाएं समाज पर कलंक हैं। धर्म की बात करने वाले इसे मिटाने के लिए अभियान चलाएं। धर्म के नाम पर देश बनाने वाले पाकिस्तान का उदाहरण देख लें। मुस्लिम धर्म के नाम पर अलग पाकिस्तान बना, लेकिन उसके भाषा के नाम पर दो टुकड़े हो गए। धर्म के नाम पर देश की कल्पना करने वाले और एक धर्म की बात करने वाले पहले पाकिस्तान का उदाहरण देख लें। पाकिस्तान एक धर्म होने के बावजूद बांग्लादेश बन गया। गहलोत ने पीएम नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि खाली कहते हो कि मैं दुनिया में जाता हूं तो मेरा मान-सम्मान होता है। वह आपका मान-सम्मान नहीं। 75 साल की जो मेहनत है, उसका सम्मान होता है।

गहलोत ने कांग्रेस के नेताओं पर साधा निशाना, कहा-कुछ नेता कार्यकर्ताओं को भड़काते हैं
इससे पहले प्रदेश कांग्रेस की ओर से आयोजित ध्वजारोहण समारोह में अशोक गहलोत ने कहा कि हमारे कुछ नेता कार्यकर्ताओं को भड़काते हैं। नेता कहते हैं कि कार्यकर्ता का मान-सम्मान होना चाहिए, लेकिन कार्यकर्ता का मान-सम्मान आपने कब किया है? हम तो मान-सम्मान पाते-पाते कार्यकर्ता से नेता बने हैं।

Back to top button