मध्य प्रदेश की विकास दर 19.7 प्रतिशत ,वर्तमान में देश में सर्वाधिक

भोपाल
 मध्य प्रदेश ने पिछले सालों में विकास के जो अध्याय लिखे हैं उससे कई राज्य सीख ले रहे हैं। सबसे बड़ी उपलब्धि तो यह है कि प्रदेश की विकास दर वर्तमान मूल्यों पर 19.7 प्रतिशत तक पहुंच गई जो देश में सर्वाधिक है। सकल घरेलू उत्पाद 10 लाख करोड़ है। पूजीगत व्यय भी 48 हजार करोड़ हो गया है।

आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश की दिशा में तेजी से कदम

प्रदेश सरकार ने स्थायी विकास और आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए हैं। करीब 20 साल में प्रति व्यक्ति आय 13 हजार से बढ़कर अब एक लाख 23 हजार रुयये हो गई है। औद्योगिक निवेश, मध्यम, सूक्ष्म और लघु उद्योगों को बढ़ाने के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं। इसका उद्देश्य स्वरोजगार को बढ़ाना है। रोजगार मेलों का जरिए अभी तक प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से 10 लाख से ज्यादा युवाओं को रोजगार दिलाया गया है।

 बुनियादी सुविधाओं का विस्‍तार

बुनियादी सुविधाएं जैसे आवास, पानी, बिजली और सड़कों का विस्तार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अभी तक 33 लाख आवास बनाए जा चुके हैं। मौजूदा वित्तीय वर्ष में इसके लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है। माफियाओं से 21 हजार एकड़ जमीन मुक्त कराई मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में घोषणा की है कि माफियाओं से 21 हजार एकड़ जमीन मुक्त कराई गई है। इस पर सुराज कालोनी बनाकर गरीबों को आवास दिलाए जाएंगे।

 नल का पानी पहुंचाना लक्ष्‍य

जल जीवन मिशन के तहत एक करोड़ 22 लाख परिवारों को 2024 तक नल का पानी पहुंचाया जाना है, जिसमें 53 लाख घरों तक पानी पहुंच चुका है। बुरहानपुर देश का पहला जिला है जहां सभी घरों में नल का पानी मिल रहा है।

 बिजली उत्पादन क्षमता

प्रदेश की बिजली उत्पादन क्षमता 21 हजार मेगावाट तक पहुंच गई है। दो हजार 444 मेगावाट बिजली पवन ऊर्जा और दो हजार 452 मेगावाट सौर ऊर्जा से तैयार की जा रही है।

शिक्षा की गुणवत्ता के लिए 360 सीएम राइज स्कूल

शिक्षा की गुणवत्ता और बेहतर करने के लिए प्रदेश में 360 सीएम राइज स्कूल बनाए जा रहे हैं। इन्हें बनाने में सात हजार करोड़ रुपये खर्च आएगा। डाक्टरों की कमी दूर करने के लिए मेडिकल कालेजों की संख्या बढ़ाई जा रही हैं। अभी 13 कालेजों में दो हजार 35 एमबीबीएस सीटें हैं। पांच साल में 11 और कालेज खोले जाएंगे। इसके साथ एमबीबीएस सीटें तीन हजार 250 हो जाएंगी।

आयुष्मान भारत योजना

आयुष्मान भारत योजना के तीन करोड़ हितग्राहियों के कार्ड बनाए जा चुके हैं। हिंदी में भी चिकित्सा शिक्षा देने वाला मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है। इंजीनियरिंग और पालीटेक्निक में भी इसे लागू किया जाएगा।

स्वच्छता का नवाचार

स्वच्छता और इसके लिए नवाचार करने में भी प्रदेश देश में अव्वल है। पिछले छह वर्ष से इंदौर देश का सबसे स्वच्छ शहर है।

सिंचाई क्षमता बढ़ाने पर विशेष ध्यान

कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए सिंचाई क्षमता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। 2003 में सिंचित भूमि का क्षेत्रफल सात लाख हेक्टेयर था जो अब 43 लाख हेक्टेयर हो गया है। 2025 तक 65 लाख हेक्टेयर करने का लक्ष्य है। कृषि निर्यात को बढ़ावा दिया जा रहा है। 2020-21 में 129 लाख टन गेहूं की खरीदी समर्थन मूल्य पर की गई जो देश भर में सर्वाधिक थी।

Back to top button