कांग्रेस का बूथ जोड़ो यूथ जोड़ो अभियान अभी तक 40 फीसदी बूथों तक भी नहीं पहुंच सका,तीन महीने का मिला अल्टीमेटम

 भोपाल
अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा दोनों ही अपनी युवा विंग का मजबूती के साथ उपयोग करने वाली है। इसके लिए दोनों ने ही अपनी युवा विंग को टास्क दिए हैं। भाजयुमो को प्रशिक्षण देकर उन्हें आदिवासी युवाओं को साधने के गुर दिए जाने वाले हैं। वहीं युवा कांग्रेस हर बूथ पर युवाओं को जोड़कर कांग्रेस की नीति बनाने की तैयारी में है। सत्ता के शिखर तक पहुंचने के लिए चुनाव में युवाओं की अहम भूमिका हमेशा से ही रही है। इसलिए दोनों ही दलों का फोकस युवाओं पर ज्यादा हो गया है।

प्रदेश युवा कांग्रेस की बूथ जोड़ो यूथ जोड़ो अभियान अभी तक 40 फीसदी बूथों तक भी नहीं पहुंच सका है। अब तीन महीने के भीतर सभी 65 हजार बूथों पर युवा कांग्रेस को पहुंचना होगा, इस टास्क को पूरा नहीं करने वाले जिला अध्यक्षों को राष्टÑीय अध्यक्ष वीवी श्रीनिवास ने अल्टीमेटम दे दिया गया है। वहीं युवा कांग्रेस राहुल गांधी की भारत जोड़ा यात्रा के लिए घर-घर जाकर पीले चावल देकर लोगों को आमंत्रित करेगी। युवा कांग्रेस के राष्टÑीय अध्यक्ष वीवी श्रीनिवास आज 107 विधानसभा क्षेत्रों में बूथ जोड़ यूथ जोड़ो की ट्रैनिंग देने के लिए आए थे। इससे पहले वे 125 विधानसभा क्षेत्रों को यह ट्रैनिंग दे चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने इस अभियान की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में पता चला कि इन 125 विधानसभा क्षेत्रों में हर बूथ तक अब तक नहीं पहुंच सकी है। महज 40 प्रतिशत बूथों तक ही यह अभियान चल रहा है। अब तीन महीने के भीतर सभी जिला अध्यक्षों को हर बूथ पर इस अभियान के लेकर काम करना होगा, नहीं करने वालों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।

चुनाव में मिलेगा मौका
श्रीनिवास ने कहा कि जो अच्छा काम करेगा, उसे विधानसभा चुनाव में टिकट भी मिल सकता है। यह हम 15 से 20 दिन के भीतर तय कर लेंगे कि मध्य प्रदेश में कितने युवा नेताओं का काम अच्छा है और उन्हें विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए आगे किया जाए। गुजरात और हिमाचल में भी युवाओं को टिकट दिया गया है। जो मेहनत करेगा उसे टिकट दिया जाएगा। कमलनाथ और पार्टी आलाकमान भी युवाओं को अधिक से अधिक टिकट दिए जाने के पक्ष में हैं।

राहुल गांधी की यात्रा के लिए हर घर पीले चावल लेकर जाएंगे
युवा कांग्रेस भी अब भाजपा की तर्ज पर लोगों को न्यौता देने का काम करेगी। श्रीनिवास ने पत्रकारों से चर्चा में बताया कि भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए युवा कांग्रेस हर घर तक न्यौता पहुंचाएगा। इसके लिए हर घर में पीले चावल लेकर युवा कांग्रेस जाएगी। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में युवा भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। मध्य प्रदेश के युवा भी इस यात्रा में शामिल होंगे। यहां का युवा बेरोजगारी से परेशान है। उनकी लड़ाई युवा कांग्रेस लड़ रही है।

कांग्रेस का इंटक प्रकोष्ठ होगा भंग
प्रदेश कांग्रेस का इंटक प्रकोष्ठ जल्द ही भंग हो सकता है। इंटक प्रकोष्ठ के काम काज को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ नाराजगी जता चुके हैं। इसलिए इस प्रकोष्ठ को भंग किया जा सकता है। इसकी जगह पर श्रमिक प्रकोष्ठ का गठन किया जा सकता है। इस पर जल्द ही नाथ निर्णय लेंगे। नए प्रकोष्ठ में नए चेहरे को कमान दी जा सकती है। अभी प्रदेश कांग्रेस इंटक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष आरडी त्रिपाठी हैं।

Back to top button