ब्रेक के दौरान राहुल गांधी को अब नलखेड़ा मंदिर ले जाने की हो रही है तैयारी

 भोपाल

राहुल गांधी भारत जोड़ा यात्रा में मध्य प्रदेश में कई धार्मिक स्थलों पर भी जा रहे हैं। इस क्रम में अब नलखेड़ा की मां बगलामुखी का मंदिर भी जुड़ सकता है। हालांकि अभी उनका यहां का कार्यक्रम फाइनल नहीं हुआ है, लेकिन इस मंदिर में मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ ही देश के अन्य प्रांतों के नेताओं की भी आस्था है, इसलिए राहुल गांधी को यहां पर लेकर जाने के प्रयास किये जा रहे हैं। सूत्रों की मानी जाए तो कांग्रेस के नेताओं ने राहुल गांधी तक नलखेड़ा का जो प्लान पहुंचाया है,उसके अनुसार राहुल गांधी की यात्रा आगर में या उसके आसपास दोपहर में जहां भी यात्रा ठहरेगी वहां से राहुल गांधी वाहन से नलखेड़ा जा सकते हैं और कुछ घंटे में ही वे वापस यात्रा वाले स्थान पर पहुंच सकते हैं। यात्रा सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक विश्राम करने के लिए रूकती है। इसी बीच राहुल गांधी मंदिर में दर्शन के लिए जा सकते हैं। इससे पहले यह तय हो चुका है कि राहुल गांधी ओंकारेश्वर और महाकाल के मंदिर जाएंगे। कांग्रेस के कुछ नेता यह भी चाहते है कि आगर के प्रसिद्ध बैजनाथ मंदिर के दर्शन के लिए राहुल गांधी जाएं, यह मंदिर मुख्य सड़क पर ही स्थित हैं, इसलिए इस मंदिर में भी राहुल गांधी जा सकते हैं।

नाथ ने किया निरीक्षक
इधर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भारत जोड़ो यात्रा का रूट निरीक्षण करने के लिए निकले हैं। वे सुबह खरगोन जिले के सनावद पहुंचे। यहां से वे सड़क मार्ग से मोर्टक्का तक निरीक्षण करते हुए गए। इसके बाद वे छेगांव माखन खंडवा पहुंचे। यहां रूट का निरीक्षण करने के बाद वे दोपहर में बुरहानपुर जिले के निंबोला पहंचे। यहां पर भी उन्होंने रूट का निरीक्षण किया।

Back to top button