आदिवासी जनसभा को संबोधित करने टंट्या मामा की जन्मस्थली जाएंगे राहुल

बुरहानपुर

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे दिन प्रदेश और देश के कई दिग्गज कांग्रेसी नेताओं ने शिरकत की है। राहुल गांधी इस यात्रा के बीच टंट्या मामा की स्थली बड़ौदा अहीर भी पहुंच रहे हैं जहां टंट्या मामा को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के साथ वे आदिवासी सभा को भी संबोधित करने वाले हैं। आदिवासी बाहुल्य इलाकों से गुजर रही कांग्रेस की इस यात्रा में बढ़ते जमघट से कांग्रेसियों में उत्साह का संचार हुआ है। राहुल गांधी के यात्रा के दौरान ओंकारेश्वर मंदिर में दर्शन और नर्मदा स्नान किए जाने की भी चर्चा है, हालांकि अभी तक इसका औपचारिक ऐलान नहीं किया गया है।

यात्रा में पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा शामिल हुए। 7 सितंबर को शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा में ये पहली बार है जब प्रियंका गाधी और रॉबर्ट वाड्रा इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ शामिल हुए हैं। यात्रा के 78वें दिन की शुरूआत मध्य प्रदेश के बोरगांव से हुई। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के साथ इस यात्रा में उनके बेटे और राहुल गांधी के भांजे रेहान वाड्रा भी शामिल हुए।

यात्रा शुरू होने के बाद पहली बार
गुरुवार को भारत जोड़ो यात्रा के 78वें दिन की शुरुआत होने पर यात्रा में कुछ नए चेहरे देखने को मिले जो इस यात्रा में पहली बार शामिल हो रहे थे। इनमें कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, उनके पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटे रेहान वाड्रा शामिल थे। यात्रा के 78 दिनों में ऐसा पहली बार है जब इस यात्रा में वाड्रा परिवार शामिल हो रहा है। इस दौरान सचिन पायलट भी राहुल गांधी के साथ यात्रा में शामिल रहे।

सात जिलों से गुजरेगी यात्रा
कन्याकुमारी से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा बुधवार को मध्य प्रदेश पहुंची। अगले दस दिनों तक यह यात्रा मध्य प्रदेश में रहेगी। इन 10 दिनों में राज्य के  7 जिलों से होकर गुजरेगी। कुछ दिनों के बाद भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान पहुंचेगी जहां कांग्रेस नेता दो खेमों में बंटे हुए हैं।

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के एमपी में प्रवेश दूसरे दिन राहुल गांधी के साथ उनकी बहन व पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा, राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट समेत अन्य नेताओं ने उनके साथ कदमताल करते हुए यात्रा में हिस्सा लिया। इस यात्रा में गुरुवार को कई दिग्गजों ने अपनी भागीदारी निभाई है जिसमें पार्टी के प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व सीएम कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, प्रियंका वाड्रा के पति राबर्ट वाड्रा, पुत्र रोहन वाड्रा शामिल हैं।  बोरगांव से यात्रा शुरू होने के बाद उसे दुल्हार फाटा के पास कुछ देर के लिए विराम दिया गया। इसके बाद यात्रा शुरू होकर बड़ोदा अहीर पहुंचेगी। यहां दोपहर में राहुल गांधी टंट्या भील को श्रद्धांजलि देंगे। फिर आदिवासी सभा का आयोजन होगा। इसके बाद ये यात्रा पंधाना – गुरुद्वारा साहिब पहुंचेगी और यात्रा रोशिया (खेरदा) में विश्राम करेगी। प्रदेश की पांच लोकसभा सीटें भारत जोड़ो यात्रा के मार्ग में आती हैं। खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और देवास लोकसभा सीट में सभी पर बीजेपी का कब्जा है।

गहलोत से रण के बीच पायलट पहुंचे निमाड़
मध्यप्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे दिन राहुल गांधी के साथ प्रियंका वाड्रा और  सचिन पायलट। भारत जोड़ो यात्रा में सचिन पायलट की मौजूदगी को राजस्थान के मुख्यमंत्री आशोक गहलोत के लिए टेंशन बढ़ाने वाला माना जा रहा है। हाल ही में गुर्जर नेता विजय बैंसला ने चेतावनी दी है कि अगर पायलट को सीएम नहीं बनाया गया तो राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को राजस्थान में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

Back to top button