भारत जोड़ो यात्रा :यात्रा की मध्य प्रदेश में सबसे बड़ी सभा आज शाम उज्जैन में

उज्जैन

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का हिंदुत्व को लेकर आज बड़ा दांव है। महाकाल की नगरी में यात्रा का आज प्रवेश होने जा रहा है, इसके साथ ही यात्रा भी महाकाल मंदिर जाएगी। राहुल गांधी यहीं पर उनकी यात्रा की मध्य प्रदेश में सबसे बड़ी सभा भी आज शाम को करेंगे। महाकाल की नगरी की इस सभा में पूरे प्रदेश भर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जुटाया जा रहा है। कमलनाथ ने भी इस सभा में शामिल होने की लोगों से अपील की है।
मध्यप्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का आज सातवां दिन है। यात्रा सुबह सांवेर से शुरू हुई। यात्रा की शुरूआत के साथ ही बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और लोगों का जमावड़ा देखने को मिला। निनोरा के पास बलराम जाट ढाबे पर टी ब्रेक हुआ। इसके बाद यात्रा यथार्थ फ्यूचरिस्टिक स्कूल निनोरा में मॉर्निंग ब्रेक के लिए रुकी। यात्रा उज्जैन जिले में पहुंच चुकी है। राहुल गांधी दोपहर बाद बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे। उनकी यात्रा यहीं से होकर गुजरेगी। इससे पहले राहुल गांधी दिगंबर जैन सिद्ध क्षेत्र भी जाएंगे। जहां पर वे भगवान महावीर के दर्शन करेंगे। शाम को उज्जैन के सामाजिक न्याय परिसर में बड़ी सभा को भी संबोधित करेंगे।

शाम को सभा में जुटेंगे 1 लाख लोग
भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी वैसे तो यात्रा के बाद शाम को हर दिन नुकक्कड़ सभा कर रहे हैं। संविधान दिवस पर भी उन्होंने महू में एक सभा को संबोधित किया गया था,लेकिन इस यात्रा में मध्य प्रदेश की उनकी सबसे बड़ी सभा आज उज्जैन में होने जा रही है। इस सभा में मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेता भी शामिल होंगे। कांग्रेस का दावा है कि इस सभा में एक लाख से ज्यादा लोग शामिल होंगे। कमलनाथ ने आज सुबह ट्वीट किया कि आज भारत जोड़ो यात्रा बाबा महाकाल को प्रणाम करने जाएगी। आईये भारतवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य के लिए बाबा महाकाल का अशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

उज्जैन में ही होगा कल रेस्ट
यात्रा का आज रात्रि विश्राम उज्जैन में ही होगा, कल यात्रा का रेस्ट डे हैं। इसलिए यात्रा कल भी यहीं पर रूकी रहेगी। इसके बाद आगर मालवा जिले के लिए एक दिसंबर को यह यात्रा रुकेगी। आगर में राहुल गांधी बाबा वैजनाथ और नलखेड़ा की मां बगलामुखी के दर्शन के लिए भी जा सकते हैं।

एमपी के दोनों ज्योतिर्लिंग के दर्शन
राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान प्रदेश के ओंकारेश्वर और महाकाल दोनों ही ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करना कांग्रेस की बड़ी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन को मध्य प्रदेश आने से पहले सार्वजनिक नहीं किया गया था। यहां पर आने के बाद राहुल बिना यात्रा के गाड़ी से यहां पर पहुंचे थे। यहीं पर उन्होंने मां नर्मदा की पूजा और आरती भी की थी। पहले यह माना जा रहा था कि राहुल गांधी नर्मदा में डूबकी भी लगा सकत हैं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। इस दौरान उनका पहले से ही यह तय था कि वे उज्जैन में बाबा महाकाल के दरबार में भी जाएंगे। इसलिए प्रदेश के नेताओं ने यहीं पर सभा की अनुमति राहुल गांधी से ली। यहां पर महाकाल के दर्शन के इच्छा के चलते कांग्रेसी भी बड़ी संख्या में जुटने की संभावना भी ज्यादा है।

Back to top button