पुरी में भगदड़ के दौरान घायल हुईं 6 छात्राएं, क्रिसमस पर पिकनिक मनाने आया था 70 छात्रों का समूह

पुरी (ओडिशा)
 पुरी के जगन्नाथ मंदिर में भगदड़ मच गई। इस दौरान लगभग 6 छात्राएं घायल हो गईं। घायल होने के बाद सभी छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल बच्चियों की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मयूरभंज जिले के रासगोविंदपुर क्षेत्र के हृदानंद हाई स्कूल के लड़के और लड़कियों के 70 छात्रों का समूह सोमवार को क्रिसमस की छुट्टियों के दौरान पिकनिक मनाने पुरी आए था। उन्होंने कहा कि छात्र दिन भर समुद्र तट पर रहे और घर लौटने से पहले शाम को 12वीं सदी के मंदिर के दर्शन करने चले गए। मंदिर के एक पदाधिकारी ने बताया कि रात करीब आठ बजे मंदिर की 22 सीढ़ियां चढ़ने के दौरान लड़कियां भगदड़ जैसी स्थिति में फंस गईं और बेहोश हो गईं।

मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। घायल लड़कियों, कक्षा 9 और 10 की छात्राओं को बाद में बचाया गया और स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है।

Back to top button