शिवसेना ने दी योगी आदित्यनाथ को ‘प्रतिष्ठा बचाने’ की सलाह, भगवा बयान पर कांग्रेस को घेरा

 मुंबई 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुंबई दौरे पर सियासी बयानबाजी जारी है। अब शिवसेना ने उन्हें 'प्रतिष्ठा बचाने' की सलाह दी है। एक दिन पहले ही कांग्रेस नेता ने भी भाजपा नेता के भगवा कपड़ों पर सवाल उठा दिए थे। सीएम आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को मुंबई पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने रोड शो किए और फिल्मी और कारोबारी जगत की बड़ी हस्तियों से मुलाकात की।

मुखपत्र 'सामना' के संपादकीय के अनुसार, 'मुंबई के बड़े उद्योगपतियों पर प्रभाव डालने के लिए योगी जी अवतरित हुए और उसके लिए उनका स्वागत किया जाना चाहिए। लेकिन निवेश आकर्षित करने के लिए योगी को मुंबई में ‘रोड शो’ करने की जरूरत क्या है?' आदित्यनाथ उद्योगपति मुकेश अंबानी, फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार समेत कई हस्तियों से मिले थे।

पार्टी ने रोड शो और यूपी को हासिल निवेश की जानकारी भी सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने लिखा, 'योगी के रोड शो में असल में कौन उद्योगपति शामिल हुआ और उसने योगी महाराज के उस रोड शो में कितनी दौलत यानी निवेश किया, इसका भी प्रचार होने दो। उद्योगपतियों से मिलना, अपने राज्य की उद्योग संबंधी नीति के बारे में प्रस्तुति देना अलग बात है और उद्योगपतियों को आकर्षित करने के लिए रोड शो का आयोजन करना अलग बात है। योगी का मुंबई का रोड शो भाजपा समर्थित राजनीतिक खेल है।'

पार्टी ने कहा, 'मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और उनका परिवार दावोस जाकर निवेशकों से मेल-मिलाप करेगा। निवेशकों को महाराष्ट्र में आकर्षित करने के लिए दावोस की सड़कों पर रोड शो नहीं करेंगे। यह मुंबई में रोड शो करनेवाले योगी महाराज को समझ लेना चाहिए। योगी महाराज एक समझदार और सरल नेता हैं। महाराष्ट्र के छुटभैये नेताओं की सलाह पर चलकर अपनी प्रतिष्ठा न गंवाएं।' खास बात है कि 15 से 19 जनवरी के बीच दावोस में होने जा रहे कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल जाने वाला है।

कांग्रेस नेता को भी घेरा
गुरुवार को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने योगी के कपड़ों पर सवाल उठाने वाले कांग्रेस नेता हुसैन दलवई को घेरा था। गुट के नेता आनंद दुबे ने गुरुवार को कहा कि भगवा हमारी आत्मा है। उन्होंने कहा, 'हम यूपी सीएम के कपड़ों पर हुसैन दलवई की टिप्पणी से सहमत नहीं हैं। भगवा केवल रंग नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति का प्रतीक और परंपरा है। यह छत्रपति शिवाजी महाराज के हिंदवी स्वराज्य का चिह्न है। यह हमारी आत्मा की तरह है।'

दलवई ने क्या कहा था
बुधवार को दलवई ने कहा था कि यूपी सीएम को भगवा के बजाए मॉडर्न कपड़े पहनने चाहिए। उन्होंने कहा था, 'हर रोज धर्म की बातें ना करें, भगवा कपड़े ना पहनें और थोड़े मॉडर्न बन जाएं। आधुनिक विचारों को अपनाएं।'
 

Back to top button