प्रदेश में लव तो चल सकता है, लेकिन जिहाद नहीं-CM चौहान

उज्जैन

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लव जिहाद पर कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर लव चल सकता है। जिहाद नहीं चल सकता है। धर्मांतरण का खेल नहीं चलने देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया पर पहले मैं भरोसा करता था, ना ज्यादा ध्यान देता था। मीडिया मतलब इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया, लेकिन मैं मानता हूं कि आज के युग में अगर आपको विचारों का प्रसार करना है, अच्छे कामों को जन तक ले जाना है, तो सोशल मीडिया अपरिहार्य है। सोशल मीडिया ने जो परिवर्तन किया है, उससे देश की मानसिकता ही बदल गई।

 

मुख्यमंत्री ने दिग्विजय सिंह पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संबोधन के दौरान कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर भी निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक बार मध्यप्रदेश में नक्सलवादी सिटिंग मिनिस्टर की गर्दन काट ले गए थे। उस दौरान दिग्विजयजी मुख्यमंत्री थे। हमारी सरकार आते ही महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ कि सीमा पर नक्सलवाद को आगे नहीं बढ़ने दिया। आज इसी साल हमारी पुलिस ने 6 नक्सली मारे हैं, जिन पर एक करोड़ 14 लाख रुपए का इनाम था। मुख्यमंत्री ने कहा राष्ट्र विरोधी गतिविधि मप्र में चलने नहीं देंगे। पहले मध्य प्रदेश में मालवा में कुएं में एके-47 मिलती थी। हमने मध्य प्रदेश में सिमी के नेटवर्क खत्म कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा भोपाल जेल से कुछ लोगों ने निकलने की कोशिश की थी। ज्यादा दूर नहीं जा पाए थे। आतंक फैलाने वाले देश के दुश्मन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होंगे।

मध्यप्रदेश की भूमि पर गुंडागर्दी, दादागिरी, माफियाओं पर दो-चार दिन के अंतराल में बुलडोजर चलता रहता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में कानून बनाया है कि मासूम बिटिया की तरफ किसी ने गलत निगाह से देखा तो फांसी की सजा होगी। उन्होंने कहा कि फांसी की सजा सुनाई तो जाती है , फांसी देने में कठिनाई होती है। सुप्रीम कोर्ट और राष्ट्रपति जी तक मामला जाता है, लेकिन ऐसे मामलों में बुलडोजर दूसरे दिन ही चल जाता है।

Back to top button