भोपाल-जबलपुर चलेगी शीतलहर,21 शहरों में पारा 10 डिग्री से कम दर्ज

भोपाल

प्रदेश में एक बार फिर तेज ठंड का दौर आ गया है। प्रदेश के ज्यादातर शहरों में पारे में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट आई है। कई जगहों पर फसल, पेड़-पौधों पर ओस जम गई। वहीं, हिल स्टेशन पचमढ़ी, नौगांव और खजुराहो में सबसे ज्यादा ठंड दर्ज की गई है। ऐसा ही मौसम अगले कुछ दिन रह सकता है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भोपाल, उमरिया, जबलपुर समेत सात जिलों में कोल्ड वेव चलने और उज्जैन-रतलाम सबसे ठंडे होने की संभावना जताई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के बाद वहां से यहां बर्फीली हवा आ रही है। अगले 24 घंटे में उमरिया, जबलपुर, बालाघाट, सागर, भोपाल, राजगढ़ और रतलाम जिलों में शीतलहर चलेगी। उज्जैन और रतलाम में कोल्ड-डे रहने का अनुमान है। कोल्ड-डे की वजह से दिन-रात का तापमान आसपास ही रहता है।

प्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी की लगातार दूसरी रात सबसे ठंडी रही। यहां रात का तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बैतूल में 7.5, भोपाल में 8.4, दतिया में 6.6, धार में 9.3, ग्वालियर में 7.8, रायसेन में 6.2, राजगढ़ में 7.4, रतलाम में 9.6, उज्जैन में 7.0, छिंदवाड़ा में 5.7, दमोह में 7.6, जबलपुर में 7.3, खजुराहो में 8.4, मंडला में 7.2, नोगाव में 7.1, रीवा में 6.4, सागर में 9.4, सतना में 7.9, उमरिया में 4.6, मलानखंड में 5.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

भोपाल में धूप ने दिलाई ठंड से राहत
भोपाल में सुबह 5:30 बजे से कुछ देर के लिए 16 किमी की रफ्तार से हवा चली। दिन का तापमान 24.8 डिग्री दर्ज किया गया। इजाफे के बावजूद ठंडक के कारण यह सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। राजधानी में ठंड भले ही बढ़ गई हो, लेकिन दिन में धूप निकलने से कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत रही। गुरुवार को सुबह 11 बजे के बाद आसमान बिल्कुल साफ होने से अच्छी धूप भी निकली। इस दौरान विजिबिलिटी 6000 मीटर पहुंच गई थी। धूप निकलने के कारण दिन के तापमान में 2.5 डिग्री का इजाफा भी हुआ।

यहां की रात सबसे ठंडी
रात के पारे में फिर से गिरावट हो रही है। पचमढ़ी, उमरिया, रायसेन और राजगढ़ में पारा काफी गिर गया। वहीं, भोपाल में फरवरी सबसे ठंडी दर्ज की जा रही है।

इंदौर भी कोल्ड डे के करीब
इंदौर में फरवरी का पहला दिन कोल्ड डे के करीब पहुंच गया था। 6 से 20 किमी की गति से चली हवा ने दिन का पारा 23.4 डिग्री पर ला दिया था। यह सामान्य से 4 डिग्री कम रहा। रात का तापमान 8.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। अगले चार से पांच दिन तापमान कम ही रहेगा।

Back to top button