अचानक यूक्रेन पहुंचे पुतिन: गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद रूसी राष्ट्रपति ने दिखाया तेवर

 रूस

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ICC की ओर से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद अचानक यूक्रेन पहुंच गए हैं। पुतिन ने रविवार को यूक्रेन में रूसी कब्जे वाले शहर मारियुपोल पहुंच कर सभी को हैरान कर दिया। आपको बता दें कि मारियुपोल यूक्रेनी शहर डोनेट्स्क इलाके में स्थित है। इस पर मई 2022 से मॉस्को की सेना का कब्जा है। युद्ध के शुरूआती दिनों में रूसी सेना ने मारियुपोल में सबसे पहले कब्जा किया था।

कई इलाकों का किया दौरा
TASS एजेंसी ने क्रेमलिन का हवाला देते हुए कहा है कि पुतिन ने अचानक हेलीकॉप्टर से मारियुपोल पहुंचकर सभी को हैरान कर दिया। इसके बाद यहां वो कार चलाते हुए शहर के कई इलाके में घूमे। इस दौरान उन्होंने वहां के स्थानीय लोगों से बातचीत भी की। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक व्लादिमीर पुतिन ने मारियुपोल में अपने सैन्य अभियान के शीर्ष कमांन से भी मुलाकात की। यहां उन्होंने चीफ ऑफ जनरल स्टाफ वालेरी गेरासिमोव से मुलाकात की जो यूक्रेन में रूस के आक्रमण के प्रभारी हैं।

क्रीमिया भी पहुंचे थे पुतिन
आपको बता दें कि पुतिन ने शनिवार को अचानक क्रीमिया का भी दौरा किया। पुतिन ने यह दौरा क्रीमिया पर रूस के कब्जे की नौवीं वर्षगांठ पर किया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने बताया कि पहले पुतिन के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल होने की उम्मीद थी, लेकिन वह खुद मौके पर पहुंचे और सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। आपको बता दें कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन हर साल 18 मार्च को क्रीमिया पर रूस के कब्जे की वर्षगांठ पर होने वाले कार्यक्रमों में भाग लेते हैं।

रक्षामंत्री सर्गेई भी गए थे मारियुपोल
इससे पहले इसी महीने की शुरुआत में रूस के रक्षामंत्री सर्गेई शोइगु मारियुपोल पहुंचे थे। सर्गेई के मारियुपोल पहुंचने पर रूसी रक्षा मंत्रालय ने वीडियो जारी किया था। रूसी रक्षा मंत्री ने यहां रूसी कमांडर्स और सैनिकों से मुलाकात की थी।

Back to top button