BJP ने 4 राज्यों के बदले सेनापति, 2024 की तैयारी शुरू

नईदिल्ली

भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली और बिहार समेत 4 प्रदेशों के अध्यक्ष बदल दिए हैं. सम्राट चौधरी बिहार के नए प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं तो राजस्थान की कमान सीपी जोशी को सौंपी गई है. दिल्ली में कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है. इसी तरह ओडिशा में राज्य के पूर्व मंत्री मनमोहन सामल को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है. ये सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं.

सम्राट चौधरी को बिहार बीजेपी का नया अध्यक्ष बनाया गया है। वह संजय जायसवाल की जगह लेंगे। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले बीजेपी आलाकमान ने जायसवाल की प्रदेश अध्यक्ष पद से छुट्टी कर दी है। बता दें कि सम्राट चौधरी अभी बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष हैं और कुशवाहा समाज से आते हैं।

बीजेपी आलाकमान ने सम्राट चौधरी को बिहार में पार्टी की कमान सौंपकर बड़ा दांव खेला है। सम्राट कुशवाहा जाति से हैं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लव-कुश वोटबैंक पर चोट करने के लिए बीजेपी ने रणनीति के तहत उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। सम्राट चौधरी पिछली एनडीए सरकार में मंत्री रहे थे।

सम्राट पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी के पुत्र हैं। शकुनी समता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं और कुशवाहा जाति के बड़े नेताओं में उनका नाम शुमार है। बीजेपी से पहले सम्राट चौधरी आरजेडी में थे। लालू यादव ने उन्हें कम उम्र में ही मंत्री बनाया था, जिसे लेकर विवाद छिड़ा था। बीजेपी में आने के बाद सम्राट ने राजनीति तौर पर तेजी से ग्रोथ की। उनकी काबिलियत के आधार पर बीजेपी ने उन्हें विधायक, एमएलसी, मंत्री, फिर नेता प्रतिपक्ष और अब प्रदेश अध्यक्ष बनाया है।

संजय जायसवाल की प्रदेश अध्यक्ष पद से छुट्टी
2024 चुनाव से पहले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल की छुट्टी कर दी गई है। इस साल की शुरुआत में दिल्ली में बिहार बीजेपी के नेताओं की आलाकमान के साथ बैठक हुई थी। उसमें प्रदेश अध्यक्ष से लेकर जिला, मंडल और बूथ स्तर तक बदलाव के संकेत मिले थे। इसके बाद से संजय जायसवाल की जगह किसी और का प्रदेश अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा था। हालांकि, पार्टी ने सम्राट चौधरी के नाम पर मुहर लगाकर सभी को चौंकाया है। सम्राट के ऊपर आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों में बीजेपी के बेहतरीन प्रदर्शन का पूरा जिम्मा रहेगा।

Back to top button