राहुल गांधी को मिली उनके किए की सजा : रविशंकर प्रसाद

नई दिल्ली
 भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सरनेम को लेकर एक विवादित टिप्पणी की थी। इसको लेकर सूरत की कोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए उन्हें दो साल की सजा सुनाई है। यह उनके किए की सजा है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि राहुल गांधी को सूरत की एक कोर्ट ने मानहानि के मामले में दो साल की सजा दी है। कांग्रेस बहुत कुछ कह रही है लेकिन ये नहीं बता रही है कि राहुल गांधी ने कहा क्या? प्रसाद ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को अपमानित करते हुए कहा था, "कैसे सभी चोरों का सरनेम मोदी है?" इस मुद्दे पर सुनाई करते हुए कोर्ट ने राहुल को उनके किए की सजा दी।

प्रसाद ने कहा कि यह कोई पहला मौका नहीं है जब राहुल गांधी ने गलत भाषा का उपयोग किया हो। वह आए दिन देश को अपमानित करते रहते हैं। उन्होंने अपने लंदन दौरे में देश सहित हमारे संविधान को भी अपमानित करने का काम किया था। भाजपा नेता प्रसाद ने कहा कि एक ओर राहुल गांधी सत्य और अहिंसा में विश्वास रखने की बात करते हैं और दूसरी ओर देश की सेना का अपमान करते हैं। शहीदों की शहादत का मजाक उड़ाते हैं। देश की राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रशक्ति का अपमान करते हैं। मतदाताओं का अपमान करते हैं। ऐसा नहीं चलेगा क्योंकि देश राहुल के हिसाब से नहीं बल्कि संविधान के हिसाब से चलेगा।

उल्लेखनीय है कि राहुल ने कर्नाटक में वर्ष 2019 में एक चुनावी रैली में कहा था कि सारे चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है? इस टिप्पणी के बाद भाजपा विधायक और गुजरात के पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी ने शिकायत दर्ज करवाई थी। आज इस मामले में सूरत की कोर्ट ने राहुल गांधी को दो साल की सजा सुनाई है।

राहुल गांधी की टिप्पणी से कांग्रेस को नुकसान, पार्टी डूब रही है : किरेन रिजिजू

केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणी से कांग्रेस को नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता भी इस बात से चिंतित हैं कि राहुल के बयानों के कारण पार्टी डूब रही है।

रिजिजू की टिप्पणी गुजरात की एक अदालत द्वारा वायनाड से लोकसभा सदस्य राहुल गांधी को उनकी 'मोदी सरनेम' टिप्पणियों के लिए दोषी ठहराए जाने और दो साल की जेल की सजा दिए जाने के बाद आई है।

कांग्रेस नेता की सजा पर टिप्पणी करने के लिए पूछे जाने पर रिजिजू ने संवाददाताओं से कहा, "राहुल गांधी जो कुछ भी कहते हैं, उससे नुकसान होता है। यह न केवल पार्टी को बल्कि दूसरों को भी नुकसान पहुंचाता है। यह देश के लिए अच्छा नहीं है।"

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि कांग्रेस के कुछ सांसदों ने उन्हें बताया था कि राहुल गांधी के रवैये से पार्टी डूब रही है। रिजिजू ने कहा, "कांग्रेस के कुछ नेताओं ने मुझे बताया है कि राहुल गांधी की कार्यशैली ने चीजों को गड़बड़ कर दिया है। इससे उनकी पार्टी को नुकसान हो रहा है। उनकी पार्टी डूब रही है।"

उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान राहुल गांधी ने 'मोदी सरनेम' खिलाफ टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि "कैसे सभी चोरों का सरनेम मोदी है?" इस टिप्पणी के बाद भाजपा विधायक और गुजरात के पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी ने शिकायत दर्ज करवाई थी। आज इस मामले में सूरत की कोर्ट ने उन्हें दो साल की सजा सुनाई है।

मामले में सूरत से सांसद दर्शना जरदोश का कहना है कि उन्हें न्याय प्रक्रिया में पूरा विश्वास है और आज कोर्ट ने राहुल गांधी के मामले में न्याय किया है। उन्होंने विपक्ष की इस बात को लेकर भी आलोचना की कि जब राहुल गांधी सदन में उपस्थित नहीं थे तो उनका बयान कराने की मांग क्यों की गई। गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल ने भी राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें उनकी भाषा पर नियंत्रण नहीं है। उनके बयान से 'मोदी' समाज में गुस्सा पैदा हुआ था।

 

Back to top button